Mohoba News: खुले नालों से बढ़ रहा हादसों का खतरा
Mohoba News: पूर्व में हुए हादसों के बाद भी बरती जा रही लापरवाही शहर से लेकर गांव तक खुले नाले बन रहे मुसीबत

Mohoba News: महोबा, संवाददाता। खुले नालों में हादसों का खतरा बढ़ गया है। पूर्व में हुए हादसा के बाद भी नालों को बंद कराने के नाम पर देरी बरती जा रही है। बरसात के दिनों में यह नाले और खतरनाक बन रहे है। लोगों की शिकायत के बाद भी नालों की पाटने का काम नहीं हो रहा है। शहर से लेकर गांव तक खुले नाले लोगों के लिए खतरा बने हुए है। शहर की बात करें तो यहां डाक बंगला मैदान के पास लंबे समय से नाला खुला पड़ा है। पूर्व में इस नाले में ट्रक घुस चुका है जबकि कई बार मवेशी भी नाला खुला होने के कारण गिर चुके है।
यहां से गुजरनें वाले वाहनों पर भी खतरा रहता है। पुलिस कार्रवाई में पकड़े गए वाहनों को मैदान में खड़ा कराया जाता है मगर पूर्व में कई बार नाला में वाहन फंस चुके है। लोग लंबे समय से इस नाले को बंद कराने की मांग उठा रहे है। लवकुशनगर तिराहा के पास भी खुला नाला लोगों के लिए परेशानियों का कारण बना हुआ है। शेखू नगर, भटीपुरा में भी नाले खुले होने के कारण हादसों की आहट आ रही है। नगर पालिका में कई बार नालों को पाटने की मांग के शिकायती पत्र पहुंचे मगर अब तक नालों को पाटने का काम न होने से खतरा कम नहीं हो रहा है। खन्ना में कानपुर सागर राजमार्ग के किनारे नाले खुले होने के कारण हादसों की आहट दे रहे है। लोगों के द्वारा लगातार इन नालों की मरम्मत की मांग उठाई जा रही है। कबरई में भी खुले नालों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी अवधेश कुमार का कहना है कि शहर के खुले नालों को बंद कराने की कार्ययोजना तैयार कराई गई है। नालों को बंद कराने का काम किया जाएगा।


