Mohoba News: टूटी पुलिया से आठ गांवों के लोग हो रहे परेशान
Mohoba News: दस से बीस किमी का चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे लोग बारिश के बाद बुड़ेरा गांव के पास टूट गई थी पुलिया

Mohoba News: पनवाड़ी, संवाददाता। बारिश के बाद सड़क का कटान होने के कारण आठ गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क कटने के बाद लोग दस से बीस किमी का चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे है। पिछले दिनों जोरदार बारिश के कारण बुड़ेरा गांव के पास पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसके बाद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से स्योढ़ी, सलैया, नेकपुरा, मसूदपुरा, सिलालपुरा हैवतपुरा, नगारा, बराना आदि के लोग गुजरते है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण लोग बैदों निसवारा होते हुए लंबी दूरी तय करने को मजबूर हो रहे है।
लोगों का कहना है कि विभाग को जानकारी दी गई मगर इसके बाद भी विभाग के द्वारा पुलिया की मरम्मत कराने की सुध नहीं ली जा रही है। खास बात यह है कि अब तक विभाग ने चेतावनी बोर्ड आदि भी नहीं लगवाया है जिससे हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि पैदल यात्री तो कटी पुलिया के पास से निकल जा रहे मगर वाहन नहीं निकल पा रहे है। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता विकास जौहरी का कहना है कि बरसात में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है। बारिश थमने के बाद टूटी पुलिया और सड़कों की मरम्मत कराने का काम कराया जाएगा।


