Mohoba News: बस्ती से गुजर रहे हैवी वाहनों पर रोक की उठाई मांग
Mohoba News: नो इंट्री की व्यवस्था लागू करने की मांग पर अड़े नागरिक पुलिस को सौंपा ज्ञापन, मांग पूरी न होने पर आंदोलन का ऐलान

Mohoba News: कबरई, संवाददाता। कुन्हेटा मार्ग में खनन में लगे वाहनों की धमाचौकड़ी हादसों का कारण बन रहीं है। गिट्टी लेकर जा रहे डंपर की टक्कर से कोचिंग जा रहे छात्र की मौत के बाद व्यापारियों सहित जागरूक लोगों ने नो इंट्री की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि बाजार के दिन भी वाहन फर्राटा भरते है जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने कुन्हेटा मार्ग में नो इंट्री की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है।
व्यापारियों की मांग
पदाधिकारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में कई विद्यालय, बैंक, क्रय विक्रय, बीज गोदाम, कलशहा बाबा धाम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोचिंग सेंटर आदि पड़ते है। मगर दिन भर खनन परिवहन में लगे वहनों की धमाचौकड़ी से हादसों का खतरा रहता है। पूर्व में हो चुके हादसों के बाद भी नो इंट्री की व्यवस्था लागू नहीं हो रही है। कानपुर सागर और झांसी मिर्जापुर राजमार्ग को जोड़ने वाला बाईपास होने के बाद भी बस्ती से वाहनों को निकाला जा रहा है। व्यापारियों ने नो इंट्री की व्यवस्था को लागू करने की मांग उठाई है। व्यापारियों ने थाना पुलिस को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में महामंत्री विजय गुप्ता,कैलाश चंद्र गुप्ता, दिनेश कुमार गुप्ता, कृष्णा कुमार, राहुल गुप्ता, प्रकाश चंद्र, आनंद गुप्ता, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे। नगर पंचायत की सभासद पिंकी वर्मा के साथ पूर्व सभासद रविंद्र, आकाश पाठक, अजय यादव, रजत सिंह, आदि ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्य बाजार से हो रहे भारी वाहनों की निकासी पर रोक लगाने की मांग उठाई है। कहा कि मुख्य बाजार से निकल रहे वाहनों से आए दिन हादसों में लोग अपनों को खो रहे है। सुबह 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक बस्ती से भारी वाहनों की निकासी पर रोक की मांग उठाते हुए थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ दर्ज किया केस
कबरई। तेज गति से जा रहे डंपर के द्वारा कोचिंग से लौट रहे छात्र को रौंदने के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हमीरपुर के सिसोलर थाना के चांदी भमई गांव निवासी मेडेलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्तमान में कबरई के राजेंद्र नगर में रहता है। बुधवार को उसका बेटा 16 वर्षीय महेंद्र जो कक्षा 12 का छात्र था कोचिंग पढ़कर घर लौट रहा था। रास्ता में उसका दोस्त 17 वर्षीय अजय मिल गया और दोनों बातें करते हुए वापस लौट रहे थे। मनीषा टॉकीज के पास तेज गति से आ रहे डंपर ने बेटे को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने डंपर नंबर के आधार पर चालाक के खिलाफ केस दर्ज करते हुए छानबीन शुरु कर दी है।
दुर्घटना के अन्य मामले
दुर्घटना में युवक की मौत, बुलेट चालक पर केस
महोबा। बाइकों की आमने सामने भिड़त में बाइक सवार की मौत के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर बुलेट चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। बांदा जिले के सोहाना गांव निवासी जीतेंद्र ने कबरई पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई सुभाष 25 जुलाई को बहन की ससुराल छिरका भवानी जा रहा था। कानपुर सागर राजमार्ग में बरबई के पास सामने से आ रही बुलेट ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल सुभाष को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज करते हुए छानबीन शुरु कर दी है।


