Mohoba News: प्रधान के परिजनों के नाम मनेरगा में भुगतान कराने के आरोप
Mohoba News: ग्रामीणों ने जांच करा कार्रवाई की उठाई मांग एडीएम ने जांच कराने का दिया आश्वासन

Mohoba News: महोबा, संवाददाता। पंचायत के कार्यों में फर्जीवाड़े की शिकायत कर जांच करा कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने मनरेगा सहित सड़क निर्माण आदि कार्यों में अपने भाई, मां और परिजनों के नाम लाखों रुपये का भुगतान करा दिया है। ग्रामीणों ने हलफनामा में मुख्यमंत्री को संबोधित शिकायती पत्र एडीएम को पत्र सौंपा है। एडीएम ने पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत घुटई में पंचायत के कार्यों में भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। गांव के रतन कुमार, रमेश चंद्र, महेंद्र कुशवाहा, उत्तम सिंह, केशवनारायण, ओमप्रकाश निरंजन सहित अन्य ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखवीर सिंह को सौंपा। शिकायती पत्र में कहा गया है कि घुटई गांव में कराए गए विकास कार्यों में ग्राम प्रधान ने पद का दुरुप्रयोग किया है। ग्राम प्रधान ने अपनी मां पूर्व प्रधान, अपने भाई, पिता, भाई की पत्नी, ग्राम प्रधान का निजी आदि के नाम लाखों का भुगतान करा दिया। चहेती कंपनी को बिना आपूर्ति के ही भुगतान करा फर्जीवाड़ा किया गया है। शिकायती पत्र में कहा गया है कि राकेश के घर से तेज सिंह के मकान तक सीसी सड़क के नाम पर भी फर्जीवाड़ा किया गया है। पुरानी सड़क का रंग रोगन करा 4 लाख का गबन किया गया है। दावा किया है कि मस्टररोल, एमबी, इस्टीमेड आदि की गहनता से जांच कराने पर भ्रष्टाचार उजागर हो जाएगा। अपर जिलाधिकारी सुखवीर सिंह ने पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच कराने का आश्वासन दिया है.
पंचायत सदस्यों ने खोला मोर्चा
महोबा। कबरई विकास खंड की ग्राम पंचायत छानीकलां के पंचायत सदस्य मुन्ना, छिद्दू, छोटे, धर्मदास, मुन्ना, नरेंद्र कुमार आदि ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर हलफनामा में शिकायती पत्र अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखवीर सिंह को सौंपे पत्र में कहा कि पंचायत के विकास कार्यों के लिए आयोजित होने वाली बैठक की सूचना नहीं दी जाती है। ग्राम विकास अधिकारी मनमानी पर प्रस्ताव तैयार करते है। सदस्यों ने फर्जी बिल लगाकर भुगतान करने की शिकायत दर्ज कराई है। पांच साल से सदस्यों को मानदेय नहीं मिला है। पूरे मामले की जांच करा कार्रवाई की मांग उठाई है।

