मंत्री रामदास आठवले का आकाश आनंद को न्योता, कहा- बसपा से अपना हक वापस लेना है

लाइव हिन्दुस्तान, मुरादाबाद, वरिष्ठ संवाददाता
Follow us on Google News
share

बहुजन समाज पार्टी के वोटरों पर मोदी के मंत्री और आरपीआई के अध्यक्ष रामदास आठवले की नजरें भी टिक गई हैं। उन्होंने मुरादाबाद में कहा कि बसपा से अपना हक वापस लेना है। आकाश आनंद को भी अपने साथ आने का न्योता दिया।

ramdas Athawale eyes BSP voters invites Akash Anand
केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख डॉ.रामदास आठवले और आकाश आनंद (फाइल फोटो)

मायावती की बहुजन समाज पार्टी में मची उथल-पुथल के बीच उसके वोट बैंक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। खासकर दलितों के बीच काम करने वाले दलों ने एक तरफ आकाश आनंद को अपने साथ आने का न्योता देना शुरू कर दिया है तो दूसरी तरफ अभी तक बसपा के साथ दिख रहे दलित वोटरों को लुभाने में जुट गए हैं। मुरादाबाद पहुंचे मोदी सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख डॉ.रामदास आठवले ने ऐसी ही कोशिश की है। कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें यूपी में बसपा से अपना हक लेना है। सत्तर के दशक में आरपीआई का जो निशान था, अब वह बसपा के पास है। उन्होंने आह्वान किया कि जिले से गांव और बूथ तक संगठन खड़ा करें।

रविवार को यहां आयोजित संविधान सम्मान महारैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने संविधान की रक्षा, सामाजिक समरसता और पार्टी के संगठनात्मक विस्तार का ऐलान किया। आठवले ने कहा कि देश में अनेक सरकारें आईं और गईं, लेकिन जनता के आशीर्वाद से उनका रुतबा और पद हमेशा बरकरार रहा।

आकाश आनंद को आरपीआई में किया आमंत्रित

रैली के बाद मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में रामदास आठवले ने बसपा से निकाले गए मायावती के भतीजे आकाश आनंद को आरपीआई में आने का न्योता भी दे दिया। कहा कि आकाश आनंद अगर बाबा साहेब के मिशन को आगे बढ़ाना चाहते हैं तो आरपीआई में आकर काम करना चाहिए। उनके आने से यूपी में आरपीआई को मजबूती मिलेगी।

मायावती ने पिछले हफ्ते आकाश आनंद को पहले सभी पदों से हटाया था। इसके बाद पार्टी से ही निष्कासित कर दिया था। इस बार भी पद से हटाते समय उन्होंने आकाश आनंद को राजनीति के लिए अभी परिपक्व नहीं होने की बात कही थी। एक दिन बाद उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को निशाने पर लिया और उनके संन्यास लेने पर आकाश आनंद के पदों पर वापसी पर विचार की बात कही थी। मायावती की पोस्ट सामने आने पर अशोक सिद्धार्थ ने संन्यास की घोषणा भी कर दी लेकिन इसे देरी से ऐलान बताते हुए आकाश आनंद को पार्टी से ही बाहर कर दिया था।

विधानसभा चुनाव के मुहाने पर खड़े यूपी में बसपा के अंदर मचे इस घमासान से उसके समर्थक मायूस और हैरान हैं। कहा जा रहा है कि आकाश आनंद को लेकर लोगों के बीच सहानुभूति है। समर्थक चाहते हैं कि मायावती एक बार फिर आकाश आनंद को पार्टी में वापस लें और उन्हें आगे के लिए जिम्मेदारियां दें।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsमंत्री रामदास आठवले का आकाश आनंद को न्योता, कहा- बसपा से अपना हक वापस लेना है