यूपी के सभी जिलों में निकलेगी मोबाइल वैन, 500 से ज्यादा ऐतिहासिक धरोहरों से कराएगी रूबरू

Nov 10, 2025 10:39 pm ISTPawan Kumar Sharma अवनीश जायसवाल, लखनऊ
share Share
Follow Us on

उत्तर प्रदेश में 19 से 25 नवंबर तक 'विश्व धरोहर सप्ताह' मनाया जाएगा। इस दौरान उप्र राज्य संग्रहालय और पुरातत्व विभाग 75 जिलों में मोबाइल वैन भेजेगा, जो 500 से अधिक ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी देगी।

यूपी के सभी जिलों में निकलेगी मोबाइल वैन, 500 से ज्यादा ऐतिहासिक धरोहरों से कराएगी रूबरू

उत्तर प्रदेश में 19 से 25 नवंबर के बीच विश्व धरोहर सप्ताह का आगाज होने वाला है। इस वर्ष सप्ताह का थीम है, 'आपदाओं और संघर्षों से खतरे में पड़ी विरासत।' इसका मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं और संघर्षों से प्रभावित हो रही विरासत स्थलों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करना और युवा पीढ़ी को ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

इस उद्देश्य के साथ, उप्र राज्य संग्रहालय और पुरातत्व विभाग पूरे प्रदेश में मोबाइल वैन चलाएगा। इन वैन के जरिए लोगों को प्रदेश भर की 513 ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में जानकारी दी जाएगी। हफ्ते भर ये मोबाइल वैन प्रदेश के 75 जनपदों में घूमकर धरोहरों के छुपे राज से रूबरू कराएंगी। पुरातत्व विभाग की निदेशक रेनू द्विवेदी ने बताया कि यह सप्ताह हमारे ऐतिहासिक और जातीय महत्व के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देता है।

इन छह शहरों में लगेगी प्रदर्शनी

विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान, पुरातत्व निदेशालय छह शहरों में धरोहरों से जुड़ी हुई विशेष प्रदर्शनी लगाएगा। इस प्रदर्शनी में स्कूली छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया जाएगा। सहायक पुरातत्व अधिकारी बलिहारी सेठ ने बताया कि इस बार लखनऊ समेत रायबरेली, हरदोई, उन्नाव, लखीमपुर और सीतापुर में धरोहरों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

क्यों मनाया जाता है यह सप्ताह

विश्व धरोहर सप्ताह ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इसे संरक्षित करने के मकसद से मनाया जाता है। इसका लक्ष्य मानव सभ्यता की साझा विरासत के संरक्षण के महत्व को उजागर करना है।

लखनऊ चिड़ियाघर में ‘पार्टी ऑन व्हील्स’ सुविधा, बुक कर सकेंगे टॉय ट्रेन

उधर, लखनऊ के प्राणि उद्यान में अब लोग जन्मदिन या अन्य खास मौके पर ‘पार्टी ऑन व्हील्स’ का आनंद ले सकेंगे। दो साल की तैयारी के बाद यह सुविधा शुरू कर दी गई है। चिड़ियाघर की निदेशक अदिति शर्मा ने बताया कि बाल ट्रेन को 5100 रुपये में दो घंटे के लिए बुक कराया जा सकता है, जिसमें 30 से 50 लोग शामिल हो सकते हैं। यह टॉय ट्रेन चिड़ियाघर के लगभग सभी बाड़ों के पास से गुजरती है, जिससे सवार लोग वन्यजीवों को करीब से देख और उनकी तस्वीरें खींच सकते हैं। मुख्य गेट के पास बने स्टेशन से चलने वाली यह ट्रेन पहले से ही आकर्षण का केंद्र रही है, अब ‘पार्टी ऑन व्हील्स’ के रूप में यह लोगों के लिए और भी रोमांचक अनुभव लेकर आई है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;