अतीक के बेटे अहजम से अचानक मिलने पहुंचीं MLA पल्लवी पटेल, सियासी गलियारों में अटकलें तेज
अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की मौत के बाद विधायक पल्लवी पटेल ने हटवा गांव पहुंचकर अहजम से मुलाकात की। अतीक-अशरफ के परिवार से पल्लवी पटेल की इस मुलाकात की यूपी के सियासी गलियारों में काफी चर्चा है। मुलाकात की तस्वीरें पल्लवी पटेल ने खुद ‘एक्स’ पर साझा की हैं।

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की पिछले दिनों एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अबान के जनाजे में यूं तो अतीक परिवार के करीबियों की भारी भीड़ जुटी थी लेकिन राजनीतिक लोगों ने दूरी बनाए रखी। इस बीच यूपी की सिराथू सीट से समाजवादी पार्टी की विधायक और अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल ने प्रयागराज में अतीक के परिवार से मुलाकात की जिसकी सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। पल्लवी ने अतीक के बेटे अहजम से मिलकर अबान की मौत पर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। वह अतीक के भाई अशरफ के बच्चों से भी मिलीं। बता दें कि अतीक अहमद और अशरफ की 15 अप्रैल 2023 की रात हत्या कर दी गई थी। जबकि 13 अप्रैल 2023 को यूपी एसटीएफ ने अतीक के बेटे असद को झांसी में एक एनकाउंटर में मार गिराया था।
असद, 24 फरवरी 2024 को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में दिनदहाड़े उमेश पाल और उनके दो सुरक्षा गार्डों की गोली और बम मारकर की गई हत्या में वांक्षित था। अतीक के दो बेटे उमर और अली इस वक्त क्रमश लखनऊ और झांसी जेल में बंद हैं जबकि मां शाइस्ता परवीन फरार चल रही है। अली से मिलने झांसी जाते वक्त ही छह अगस्त 2026 को सड़क हादसे में अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की मौत हो गई थी। अबान के शव को 8 अगस्त 2026 को प्रयागराज के कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया था। इस दौरान उमर और अली को भी हाई कोर्ट के निर्देश पर जेल से जनाजे में शामिल होने के लिए प्रयागराज लाया गया था।
विधायक पल्लवी पटेल ने प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचकर अतीक परिवार से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर अतीक-अशरफ के परिवार से हुई मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में वह अतीक के बेटे अहजम और अशरफ के बच्चों के बीच बैठी हुई दिख रही हैं।
इस मुलाकात को लेकर तस्वीरों के साथ पल्लवी पटेल ने लिखा-‘पूर्व सांसद मरहूम जनाब अतीक अहमद जी के छोटे बेटे अबान अहमद के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के उपरांत उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। तथागत गौतम बुद्ध जी से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।’
सोनेलाल पटेल से अतीक के थे अच्छे संबंध
पूर्वांचल के बाहुबलियों में शुमार किए जाते रहे अतीक अहमद के अपना दल के संस्थापक और विधायक पल्लवी पटेल के पिता सोनेलाल पटेल से अच्छे संबंध थे। अतीक अहमद अपना दल से भी जुड़े थे। माना जा रहा है कि पल्लवी उन्हीं रिश्तों को ध्यान में रखते हुए अतीक परिवार का दुख साझा करने पहुंचीं। हालांकि इसके सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा हो रही है।
8 अगस्त को पिता और भाई की कब्र के पास दफन हुआ था आबान
झांसी में 6 अगस्त की सुबह हुए सड़क हादसे में आबान अहमद और उसके साथी सोनू की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद 7 अगस्त की सुबह दोनों के शव पूरामुफ्ती के हटवा गांव लाए गए थे। सोनू को हटवा के कब्रिस्तान में उसी दिन दफना दिया गया था, लेकिन आबान के दोनों बड़े भाइयों के जेल में होने के कारण उसके शव को शनिवार तक सुरक्षित रखा गया। दो दिन के इंतजार के बाद आबान को अंतिम विदाई दी गई। आबान अहमद को शनिवार शाम कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में पिता और भाई की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। छोटे भाई के जनाजे में शामिल होने के लिए लखनऊ और झांसी जेल में बंद बड़े भाई उमर अहमद और अली अहमद को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली पैरोल के बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा में कब्रिस्तान लाया गया था।


