
मिशनरी स्कूल के छात्र की पोस्ट पर फूटा गुस्सा, हिंदुवादी संगठनों का प्रदर्शन
यूपी के महोबा में मिशनरी स्कूल के 12वीं के छात्र की एक पोस्ट पर हिंदूवादी संगठन के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल पर पहुंचे हिंदुवादी संगठन के लोगों ने प्रदर्शन किया। छात्र ने सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। छात्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट डालना मिशनरी स्कूल के छात्र को महंगा पड़ गया। हिंदू संगठनों के लोगों ने कार्रवाई की मांग करते हुए स्कूल के बाहर हंगामा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

नगर के एक मिशनरी स्कूल के कक्षा 12 के छात्र हेमंत जॉन ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की। हिंदू संगठनों ने मामले में विरोध जताकर एसपी प्रबल प्रताप सिंह के पास शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने माफीनामा के बाद आपसी सहमति से मामला निपटाया तो आग बबूला हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने सोमवार को स्कूल के बाहर नारेबाजी की।
पदाधिकारियों ने कहा कि स्कूल में कलावा पहनकर आने वाले छात्रों के कलावा हटवा दिए जाते हैं। कहा कि देवी देवताओं पर टिप्पणी आस्था पर चोट है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के मयंक तिवारी, रवि सोनी, विकास, पुष्पेंद्र सिंह, रमाकांत चौबे, हर्ष परिहार, मनु शर्मा ने कार्रवाई की मांग उठाई। एसडीएम डॉ. प्रदीप कुमार, सीओ रविकांत गौड़ ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे पदाधिकारियों से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित हेमंत जॉन के खिलाफ केस दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पोस्ट वायरल होते ही हंगामा मचा
सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट वायरल होते ही हंगामा मच गया। हिंदूवादी सगंठनों में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में हिंदू संगठनों के सैकड़ों की संख्या में लोगों ने स्कूल के बाहर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रशासन पर धर्मांतरण का आरोप लगाया ओर उसके खिलाफ जमकर नरेबाजी की।
पुलिस उप अधीक्षक रविकान्त गौड़ ने बताया कि अत्याधिक संवेदनशील उक्त प्रकरण को लेकर तत्काल सक्रिय हुई पुलिस ओर प्रशासन ने मोर्चा सम्हाला ओर तात्कालिक कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया में पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने के आरोपी 22 वर्षीय छात्र हेमंत जॉन को गिरफ्तार करके जेल पहुंचाया।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



