बेखौफ बदमाशों ने भाजयुमो नेता को मारी गोली, लखनऊ में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप

संवाददाता, लखनऊ
Follow us on Google News
share

लखनऊ में पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर दबंगों ने भाजयुमो के नेता को शनिवार रात गोली मार दी। बदमाशों ने चेतन पर तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली चेतन की कमर में लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।

बेखौफ बदमाशों ने भाजयुमो नेता को मारी गोली, लखनऊ में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप

UP News: यूपी के लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां टिकैतराय तालाब पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बेखौफ दबंगों ने भाजयुमो के नेता महाराज चेतन तिवारी ऊर्फ श्याम चेतन को शनिवार रात गोली मार दी। बदमाशों ने चेतन पर तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली चेतन की कमर में लगी। चेतन लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीर और मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची।

पुलिस ने लहूलुहान चेतन को तुरंत ही केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि गोली पुरानी रंजिश और पोस्टर लगाने के विवाद में मारी गई। बाजारखाला पुलिस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। मेहंदीगंज इलाके में सुरेश चन्द्र तिवारी परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा श्याम चेतन तिवारी घर के सामने कुछ निर्माण कार्य करा रहा है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात श्याम चेतन राजगीरों से ईंट रखवा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला वैभव बाजपेई साथी संग वहां पहुंचा। उनके बीच कुछ विवाद हुआ।

इसी दौरान आरोपियों ने असलहा निकालकर श्याम चेतन पर ताड़तोड़ फायरिंग कर दी। कमर में गोली लगने से श्याम खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन व आसपड़ोस के लोग दौड़े। इसी बीच आरोपी धमकाते हुए भाग निकले। आनन-फानन में घायल को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉयल-112 पर फायरिंग की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह, इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप उपाध्याय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

केजीएमयू में भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा

भाजपा कार्यकर्ता देर रात केजीएमयू पहुंचे और हंगामा करने लगे। मौके पर डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक हंगामा चलता रहा।

भाइयों के विवाद में बड़े भाई की पीटकर हत्या

उधर, गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र के भरपही गांव में शनिवार देर रात भगौना बेचने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई की पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में पिता और छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, भरपही गांव निवासी श्रवण गौंड के चार पुत्र हैं। सभी शादी के बाद अलग-अलग परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात श्रवण के तीसरे नंबर के पुत्र संजय दत्त (30) और सबसे छोटे बेटे संदीप के परिवार के बीच भगौना बेचने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान सिर में चोट लगने से संजय दत्त जमीन पर गिर पड़े, और वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए संतकबीर नगर जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाद में शव को घर लाकर पुलिस को सूचना दी गई।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।