अहरौरा/इमिलियाचट्टी। हिन्दुस्तान संवाद
नए वर्ष पर लेखनिया दरी से पिकनिक मनाकर लौटते समय शुक्रवार की शाम दुर्गा जी पहाड़ पर टेम्पो पलटने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अहरौरा के अलग-अलग स्थानों पर पिकनिक मनाकर लौटते समय सड़क दुर्घटना में दस लोग जख्मी हो गए। घायलों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अदलहाट थाना क्षेत्र के सिरसी गांव निवासी 24 वर्षीय सोनू कुमार पुत्र विनोद कुमार नए वर्ष पर अपने अन्य साथियों के साथ टेम्पो रिजर्व कर अहरौरा लेखनिया दरी पिकनिक मनाने गया था। टेम्पो कुल पांच लोग सवार थे। देर शाम पिकनिक मनाकर टेम्पो से सभी घर लौट रहे थे। जैसे ही अहरौरा के दुर्गा जी पहाड़ के पास पहुंचे। इसी बीच टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। टेम्पो पलटने से सवार सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। युवक की मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद टेम्पो चालक फरार हो गया। वहीं नव वर्ष के पहले दिन बाइक से पिकनिक मनाने आए कई लोग अलग-अलग स्थानों पर गिरकर घायल हो गए। घायलों में सोनभद्र के लोहरा सुकृत निवासी महेंद्र कुमार 30, चोपन निवासी सत्येंद्र कुमार 28, विक्रम सिंह 25 हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा भर्ती करा दिया है।