निर्माणाधीन ऑयल डिपो के गेट पर श्रमिकों ने किया प्रदर्शन

Apr 07, 2026 12:08 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मिर्जापुर
share

Mirzapur News - पड़री में श्रमिकों ने हिनौती स्थित इंडियन ऑयल डिपो के गेट पर बकाया पारिश्रमिक और ओवरटाइम का भुगतान नहीं मिलने के कारण प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने समय पर मजदूरी न मिलने से आर्थिक संकट का सामना करने की बात कही। आईओसी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने चार दिनों में बकाया भुगतान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

निर्माणाधीन ऑयल डिपो के गेट पर श्रमिकों ने किया प्रदर्शन

पड़री। श्रमिकों ने बकाया पारिश्रमिक नहीं मिलने से सोमवार को हिनौती स्थित निर्माणाधीन इंडियन ऑयल के डिपो के गेट पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। श्रमिकों ने बकाया पारिश्रमिक, ओवरटाइम का बकाया भुगतान में देरी करने का आरोप लगाया। कहा कि काम करने के बाद भी समय से भुगतान न होने से उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर पहुंचे आईओसी के प्रोजेक्ट मैनेजर उमाशंकर ने जल्द बकाया भुगतान का आश्वास दिया, तब मजदूरों ने प्रदर्शन समाप्त किया। प्रदर्शन के दौरान हुई श्रमिकों की सभा में वक्ताओं ने कहा कि हाड़तोड़ मेहनत के बाद भी समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है।

ओवरटाइम खटाने के बाद भी आज तक तय नहीं हो पाया है कि कब और किस दर से ओवरटाइम का भुगतान किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रमिकों ने डिपो के मुख्य गेट पर एकत्र होकर प्रदर्शन किए। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें समय से मजदूरी नहीं दी जा रही है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। साथ ही ओवरटाइम करने के बावजूद उसका भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। कार्य समय और सुविधाओं को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था न होने से श्रमिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। धरना के दौरान नारेबाजी कर श्रमिकों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने मजदूरी भुगतान में पारदर्शिता, समय से वेतन और ओवरटाइम भुगतान और कार्य से जुड़े अन्य मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। इंडियन ऑयल टर्मिनल में डीएस, अरुण, आदर्श और एनएच कंपनी की ओर से अलग-अलग कार्य कराए जा रहे हैं। श्रमिकों का आरोप है कि विभिन्न कंपनियों के अधीन काम करने के बावजूद उन्हें समय पर पारिश्रमिक नहीं मिल पा रहा है। मौके पर मौजूद कंपनी प्रतिनिधियों ने श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया,लेकिन वे नहीं माने। बाद में मौके पर पहुंचे आईओसी के प्रबंधक उमशंकर कुमार ने मजदूरों को चार दिनों में बकाया पारिश्रिक के भुगतान का आश्वासन दिया। साथ ही ओवरटाइम पर कहा कि उच्चाधिकारियों से प्राप्त आदेश के बाद भुगतान कर दिया जाएगा। मैनेजर के आश्वासन के बाद मजदूरों ने प्रदर्शन के समापन की घोषणा की। प्रदर्शन में शिवम पाण्डेय, पंकज, सुशील चौधरी, अजय चौधरी, राजेश चौधरी, रणजीत चौधरी, श्यामकुमार, आनंद पाण्डेय, अभिषेक चौधरी, राजाराम, जयप्रकाश, राजेंद्र प्रसाद, रमेश, महेंद्र प्रसाद सहित सैकड़ों श्रमिक मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।