ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मिर्जापुरदहेज प्रथा खत्म करने के लिए महिलाएं आगे आएं : राज्यपाल

दहेज प्रथा खत्म करने के लिए महिलाएं आगे आएं : राज्यपाल

प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महिलाओं से दहेज प्रथा को समाप्त करने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दहेज ऐसी सामाजिक बुराई है...

दहेज प्रथा खत्म करने के लिए महिलाएं आगे आएं :  राज्यपाल
हिन्दुस्तान टीम,मिर्जापुरThu, 04 Mar 2021 03:03 AM
ऐप पर पढ़ें

मिर्जापुर। निज संवाददाता

प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महिलाओं से दहेज प्रथा को समाप्त करने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दहेज ऐसी सामाजिक बुराई है जिससे महिलाओं को बाद में जेल भी जाना पड़ता है। इससे बचने का सबसे बेहतर कार्य यहीं है कि महिलाएं दहेज के मुद्दे पर पति का भी विरोध करें। वे नगर के लोहिया तालाब स्थित एक स्कूल में उद्यान विभाग की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं। इससे पहले राज्यपाल ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया।

राज्यपाल ने अष्टभुजा डाक बंगले पर समूह की महिलाओं को ड्रैगन फ्रूट का पौधा, सामुदायिक शौचालय की चाबी और सिलाई-कढ़ाई के लिए एक करोड़ 11 लाख रुपये का डेमो चेक दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की तारीफ करते हुए कहा कि जब वह इनसे मिलती हैं तो ऐसा लगता है कि किसी मंदिर में पूजा कर रही हैं। बीते पांच वर्षों में यूपी में समूह की महिलाओं ने बेहतर कार्य कर न केवल खुद आर्थिक रूप से मजबूत हुईं, बल्कि प्रदेश को भी मजबूत किया। इसी तरह कार्य करते रहें तो विकास के मामले में यूपी गुजरात से भी आगे हो जाएगा। प्रदेश सरकार बेहतर योजनाएं संचालित कर महिलाओं को सशक्त बना रही है। जनप्रतिनिधियों का भी दायित्व है कि वे जब भी क्षेत्र में जाएं तो महिलाओं को शासन की योजनाओं से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि महिलाएं बेटी और बेटों में फर्क न करें। बेटियों को बेहतर शिक्षा दें।

राज्यपाल ने गर्भवती महिलाओं से सरकारी अस्पतालों में ही इलाज कराने की सलाह दी। साथ ही कहा कि महिलाएं अपना पैसा पुरुषों को नशा करने के लिए न दें। अफसरों का भी दायित्व है कि वे जब भी समूह की महिलाओं को ट्रेनिंग दें तो उस समय सामाजिक बुराइयों खिलाफ उन्हें जागरूक करें। अफसर प्रशिक्षण के दौरान दहेज प्रथा, नशा उन्मूलन और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूक करें। इस मौके पर सांसद अनुप्रिया पटेल, पालिकाध्यक्ष मनोज जायसवाल व भाजपाध्यक्ष बृजभूषण सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें