यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
मिर्जापुर में यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। 14786 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हालांकि, गर्मी के कारण कुछ दिक्कतें हुईं। उत्तर पुस्तिकाओं को भी तगड़ी सुरक्षा में रखा गया।

मिर्जापुर। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के लिए सीधी भर्ती परीक्षा बुधवार को नगर के बीस परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो गई। परीक्षा के अंतिम दिन सभी केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ाते हुए विशेष चौकसी बरती गई। दो पालियों की परीक्षा में सभी बीस केंद्रों पर लगभग 14786 अभ्यर्थी परीक्षा में पंजीकृत थे। इस प्रकार तीन दिन की छह पालियों में जनपद में कुल 44 हजार 358 अभ्यर्थियों ने भविष्य में पुलिस आरक्षी बनकर अपने कॅरियर को आयाम देने के लिए किस्मत को आजमाया। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने पर अभ्यर्थियों ने हाथ में पहने कंगन, रक्षासूत्र, कान की बाली आदि बाहर ही निकाल दिया। साथ में बैग लेकर आने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र पर बने कमरे में सुरक्षित रखवा दिया गया। मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचने पर महिला कांस्टेबल ने महिलाओं एवं पुलिस ने पुरुषों के प्रवेश पत्र, आईडी कार्ड देखने के बाद प्रवेश दिया। दूसरे गेट पर पहुंचने पर मेटल डिटेक्टर, रेटिना, बॉयोमेट्रिक और केवाईसी जांच के बाद परीक्षा हाल में जाने की इजाजत दी गई। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे एवं द्वितीय पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुआ। सुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक के साथ जोनल और सेक्टर अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया और केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे से परीक्षा हाल के अंदर की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर केंद्राध्यक्ष को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उधर, पुलिस के अधिकारियों ने पुलिस लाइन में बने परीक्षा कंट्रोल रूम से हर पल की गतिविधियों पर नजरें गड़ाए रहे। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने संतोष भरे आवाज में बताया कि पेपर सामान्य थे। उनके तैयारी किए गए पाठ्यक्रमों में से ही ज्यादातर प्रश्न पूछे गए थे। सभी प्रश्नों का उत्तर लिखा गया。
गर्मी से परीक्षार्थियों को हुई दिक्कत
मिर्जापुर। तेज धूप एवं गर्मी के कारण पुलिस भर्ती की परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर दूसरी पाली की परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को धूप में परीक्षा केंद्र तक जाना पड़ा। इससे उन्हें काफी दिक्कत हुई। हालांकि, परीक्षा केंद्र पर बिजली और पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी, जिससे परीक्षार्थियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
तगड़ी सुरक्षा के बीच रखवाई गईं उत्तर पुस्तिकाएं
मिर्जापुर। पुलिस भर्ती की उत्तर पुस्तिकाओं को तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सदर तहसील परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम के पास स्थित कमरे में डबल लॉक के अंदर रखवा दिया गया। उत्तर पुस्तिकाओं की रखवाली के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों की मानें तो गुरुवार को उत्तर पुस्तिकाओं को शासन के निर्देश पर संबंधित केंद्र पर मूल्यांकन के लिए तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भेज दी जाएगी।


