संदिग्ध हाल में महिला समेत दो की मौत, लू की आशंका
राजगढ़ में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में दो लोगों की मौत हुई, जिसमें एक महिला शामिल है। परिजनों ने लू लगने की आशंका जताई है। दोनों को पेट और सीने में दर्द और उल्टी हुई थी। इसके अलावा, क्षेत्र के छह अन्य लोग अस्पताल में उपचाराधीन हैं। डॉ. संतलाल ने गर्मी से बचने और पानी पीने की सलाह दी है।

राजगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों को पेट और सीने में दर्द और उल्टी दस्त हुई थी। परिजनों ने लू लगने से मौत की आशंका जताई है और पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, क्षेत्र के अलग-अलग गांव के बीमार छह लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। क्षेत्र के ददरा गांव निवासी प्रदीप सिंह ने बताया कि उनकी मां 58 वर्षीय अतर देवी भोजन करने के बाद घर में सोई थी। अचानक उन्हें उल्टी हुई और पेट और सीने में दर्द शुरू हो गया।
आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले गए, जहां चिकित्सक ने मां को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरा मामला कूड़ी गांव का है। गांव निवासी रमेश मौर्य ने बताया कि उनके पिता 65 वर्षीय रामवृक्ष रात भोजन करने के बाद घर में सोए थे। अचानक पेट में दर्द उठा। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने सोनभद्र रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही पिता ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर आए और पुलिस को सूचना दिए बगैर ही अंतिम संस्कार दिए। तन को झुलसा देने वाली चिलचिलाती धूप गर्मी तथा लू के चलते क्षेत्र में पेट दर्द और उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार की रात पेट दर्द और उल्टी से पीड़ित कूड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय मोहन, राजगढ़ गांव की 35 वर्षीय धर्मावती, ददरा गांव निवासी 26 वर्षीय शिवानी, राजगढ़ गांव की 50 वर्षीय जुबेदा बेगम, खम्हरिया गांव निवासी 58 वर्षीय दयाशंकर तथा राजगढ़ गांव निवासी 30 वर्षीय राजकुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया गया, जिनका उपचार चल रहा है। इस संदर्भ में डॉ. संतलाल ने बताया कि इन दिनों तीखी धूप और लू की चपेट में आने से लोग डिहाइड्रेशन के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में खाली पेट न रहें, धूप में न निकले तथा अधिक से अधिक पानी का पीएं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


