दोस्तों संग गंगा स्नान करने गया किशोर डूबा, दो को बचाया गया

Newswrap हिन्दुस्तान, मिर्जापुर
Follow us on Google News
share

चेतगंज के सेमरा गांव में 16 वर्षीय यश संजय तिवारी अपने दोस्तों के साथ गंगा में स्नान करने गया। स्नान करते समय वह गहरे पानी में डूब गया, जबकि उसके दो दोस्तों को बचा लिया गया। पुलिस और गोताखोरों ने देर शाम तक यश की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

दोस्तों संग गंगा स्नान करने गया किशोर डूबा, दो को बचाया गया

चेतगंज। चील्ह थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में मंगलवार सुबह साथियों संग स्नान करने गया किशोर गंगा में डूब गया, जबकि उसके दो दोस्तों को बचा लिया गया है। दोस्तों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को लगाकर तलाश कराया, लेकिन देर शाम तक लापता किशोर का कुछ पता नहीं चल पाया। क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी संजय तिवारी का 16 वर्षीय पुत्र यश संजय तिवारी अपने चार साथी 20 वर्षीय आकाश तिवारी, 17 वर्षीय दिवाकर सिंह, 15 वर्षीय अर्जुन शुक्ला और 14 वर्षीय आर्यवीर के साथ सुबह लगभग ग्यारह बजे घर से निकला। सभी गांव के ही गंगा घाट पर स्नान करने चले गए।

घाट पर नहाते समय अचानक यश गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगा। साथी संजीत तिवारी और आकाश तिवारी ने यश को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे। तीनों को डूबता देख साथी आर्यवीर ने साहस दिखाते हुए घाट पर पड़े बांस का सहारा देते हुए डूब रहे संजीत, आकाश को बाहर खींच लिया, जबकि यश गहरे पानी में चले जाने से गंगा में समा गया। घटना की जानकारी होते ही घाट पर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। उधर, डूबे किशोर के परिजन भी पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम बुलाकर डूबे किशोर की तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम लापता किशोर का कुछ पता नहीं चला। बेटे के गंगा में डूबने से परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है। यश अपने पिता के साथ मुंबई में रहकर पढ़ाई करता है। गर्मी की छुट्टी में एक सप्ताह पहले गांव आया। वह घर का इकलौता पुत्र है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष बद्री प्रसाद सरोज ने बताया कि गंगा में नहाते समय एक किशोर डूबा है। एसडीआरएफ टीम से तलाश कराई जा रही है।

Voice of UP

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।