
अलग-अलग स्थानों पर किशोरी और युवक ने जहर खाकर दी जान
Mirzapur News - मिर्जापुर में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक और किशोरी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। युवक कृपाशंकर ने परिवारिक कलह के चलते जहर खाया, जबकि किशोरी रंजना की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं...
मिर्जापुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से किशोरी और युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना विंध्याचल और देहात कोतवाली क्षेत्र की है। देहात कोतवाली क्षेत्र के भरुहना निवासी 20 वर्षीय कृपाशंकर मजदूर था। वह शाम लगभग तीन बजे घर से 500 मीटर दूर अपने खेत पर गया था। कुछ देर बाद जब घर के सदस्य खेत पर पहुंचे तो देखा कि कृपाशंकर जमीन पर गिरा पड़ा था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन में उसे मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के बाद युवक ने बताया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक ने किस कारणवश ऐसा कदम उठाया, परिजन कुछ भी बताने से इनकार कर दिए। मृत युवक दो भाइयों में छोटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मॉर्चरी हाउस भेज दिया है। इस संबंध में देहात कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह में युवक ने जहर खाकर जान दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी घटना विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के महरौड़ा गांव की है। गांव निवासी 17 वर्षीय रंजना ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विंध्याचल कोतवाल वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि एक किशोरी की जहर खाने से मौत हुई है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




