
झोलाछाप का मेडिकल स्टोर और क्लीनिक सील
Mirzapur News - मिर्जापुर में झोलाछाप के इंजेक्शन से 15 वर्षीय किशोर राजन कुमार की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे मेडिकल स्टोर और क्लीनिक को सील कर दिया। परिजनों ने पुलिस में तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच जारी है।
मिर्जापुर। झोलाछाप के इंजेक्शन से किशोर की मौत मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई की। टीम ने झोलाछाप का मेडिकल स्टोर और क्लीनिक सील कर दिया है, जो बगैर रजिस्ट्रेशन के ही संचालित थे। उधर, पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के खुटहा के पंडितपुर गांव निवासी हीरालाल का 15 वर्षीय पुत्र राजन कुमार रविवार को सूखी लकड़ी काटते समय जख्मी हो गया था। सोमवार को वह रतेह चौराहा स्थित दिव्यांशी मेडिकल स्टोर पर उपचार कराने गया था। झोलाछाप मोहित सिंह के इंजेक्शन लगाते ही किशोर की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई थी।
जिस पर परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिए थे। लगभग चार घंटे बाद एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम हटाया था। एसडीएम झोलाछाप के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिए थे। मामले को संज्ञान में लेते हुए सीएमओ डॉ. सीएल वर्मा के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. अवधेश अपनी टीम के साथ मंगलवार ड्रमंडगंज रतेह चौराहा पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच की। जांच में झोलाछाप मोहित सिंह का रतेह चौराहा स्थित मेडिकल स्टोर और नदौली पटेहरा में क्लीनिक दोनों बगैर रजिस्ट्रेशन के संचालित मिले। टीम ने मेडिकल स्टोर और क्लीनिक को सील कर दिया। वहीं, पुलिस ने मंगलवार को किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया। मृत किशोर के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर झोलाछाप के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि मृत किशोर के घरवालों ने तहरीर दी है, लेकिन शव का अंतिम संस्कार करने के बाद ही कार्रवाई की बात कर रहे हैं। जिससे अबतक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




