टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने के लिए शिक्षकों का धरना
Mirzapur News - मिर्जापुर में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर पूर्व नियुक्त शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर धरना दिया। शिक्षकों ने कहा कि जुलाई 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य करना अन्याय है। प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री को पत्रक सौंपा गया।

मिर्जापुर। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया(टीएफआई) के आह्वान पर पूर्व नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता(टीईटी) की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर बीएसए कार्यालय बरियाघाट पर धरना देने के बाद कलक्ट्रेट पर पहुंचकर प्रदर्शन किए। धरने का नेतृत्व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ एवं महिला शिक्षक संघ ने किया। इसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित पत्रक सौंपा। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्री दिनेश चंद्र शुक्ला और महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष सुष्मिता जायसवाल ने एक स्वर में कहा कि जुलाई 2011 के पूर्व जो शिक्षक नियुक्त हुए थे, उनके लिए टीईटी अनिवार्य करना अन्याय है।
शिक्षक इस अन्याय को कभी नहीं सहेंगे। प्रादेशिक संगठन मंत्री सुभाष तिवारी ने कहा कि शिक्षक को विद्यालय में पढ़ाना चाहिए, परंतु उन्हें सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ने के लिए विवश कर दिया गया है। शिक्षक हर स्तर तक इस लड़ाई को लड़ेंगे। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश चंद्र शुक्ला और मंडलीय मंत्री सुशील कुमार यादव ने कहा कि शिक्षकों को अपना भविष्य बचाने के लिए आगे आना होगा। महिला शिक्षक संघ की जिला अध्यक्ष ने कहा कि उनका संगठन इस लड़ाई में अपने भाइयों के कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेगा। महिलाएं इस अन्याय को कभी नहीं सहेंगी। धरना के बाद सभी शिक्षक 'नो टेट बिफोर आरटीई ऐक्ट' के नारे लगाते हुए कलक्ट्रेट तक मार्च किए। इसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा। धरना में जिला मंत्री विजय शंकर त्रिपाठी, राम अचल सिंह, रमेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, नमिता सिंह, कनक प्रभा सिंह, अभिमन्यु सिंह, उमाकांत मिश्रा, शान मोहम्मद, आलोक तिवारी, अमरेश शुक्ला, गुंजन सिंह, मंजुला देवी, सुभाष सिंह आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


