वज्रपात से युवती की मौत, नौ लोग झुलसे
जिले में अलग-अलग क्षेत्र में गुरुवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से युवती की मौत हो गयी। वज्रपात से नौ लोग झुलस गए। हलिया क्षेत्र के मवई खुर्द गांव में वज्रपात से तीन मवेशियों की मौत हो...
जिले में अलग-अलग क्षेत्र में गुरुवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से युवती की मौत हो गयी। वज्रपात से नौ लोग झुलस गए। हलिया क्षेत्र के मवई खुर्द गांव में वज्रपात से तीन मवेशियों की मौत हो गयी। पुलिस ने युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालगंज, मड़िहान व हलिया थाना क्षेत्र में घटना के बाद कोहराम मच गया।
लालगंज संवाद अनुसार भिटहां गांव निवासी हीरामणि कोल की पुत्री पूजा (19) गुरुवार शाम घर के बाहर बर्तन धुल रही थी। बारिश शुरू होने पर वह मड़हे में जा रही थी। अचानक वज्रपात हाने से उसकी मौके पर मौत हो गयी। सूचना मिलने के बाद लालगंज के एसडीएम आशुतोष दुबे, क्षेत्रीय लेखपाल व स्थानीय पुलिस पहुंच गयी। पटेहरा संवाद अनुसार मड़िहान क्षेत्र के पटेहरा फार्म गांव निवासी राकेश (42) अपने पुत्र मोनू (10) के साथ जंगल में बकरी चराने गए थे। आशीष (12), शिवा (13) व रीति (11) भी थी। आकाशीय बिजली गिरने से पिता-पुत्र और पांचों बच्चे झुलस गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। राकेश की हालत गंभीर बनी हुई है।
हलिया संवाद अनुसार क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांवों में वज्रपात से चार महिलाएं झुलस गयीं। मवई कलां गांव निवासिनी फूलवंती (55), मवई खुर्द गांव में कुसुम (40) व शगुनी( 50) घर के बगल मड़हे में बैठी थी। आकाशीय बिजली गिरने से वे झुलस गयीं। बरी गांव निवासिनी श्याम कुमारी (25) अपने धान के खेत में गयी थी। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वह झुलस गयी। चारों महिलाओं को हलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। मवई खुर्द गांव में तिलक के घर में बंधे चार पशुओं की वज्रपात से मौत हो गई।