
ठण्ड और कोहरा लोग रहे परेशान, ट्रेनें विलंबित
Mirzapur News - मिर्जापुर, संवाददाता जिले में ठण्ड के साथ ही कोहरा भी शुरु हो गया है।
मिर्जापुर, संवाददाता जिले में ठण्ड के साथ ही कोहरा भी शुरु हो गया है। शनिवार को सुबह मौसम का मिजाज बदल गया। न्यूनतम तापमान बीते दो दिनों से 11 डिग्री सेंटीग्रेट पर टिका हुआ है। वहीं पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। सुबह कोहरा के कारण डाउन की अधिकांश ट्रेनें विलंबित रही। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। डाउन में मगध एक्सप्रेस करीब दो घंटे विलंबित रही। इसके अलावा ब्रह्मपुत्र मेल, पुरूषोत्तम एक्सप्रेस आदि ट्रेनें करीब एक घंटे विलंब से गुजरी। जिले में शनिवार को मौसम के मिजाज में अचानक परिवर्तन हो गया। सुबह आठ बजे तक हल्का कोहरा रहा।
इससे धूप में गर्मी नहीं रही। कोहरा और ठण्ड के कारण राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गलन शुरु हो जाने से लोग परेशान रहे। सुबह यात्रा करने वाले लोग चाय की दुकानों पर हाथ सेकने में जुटे रहे। वहीं कोहरा के कारण डाउन की तरफ जाने वाली अधिकांश एक्सप्रेस गाड़ियां विलंबित रही। नई दिल्ली से इस्लामपुर जाने वाली मगध एक्सप्रेस दो घंटे, नई दिल्ली से पुरी जाने वाली पुरूषोत्तम एक्सप्रेस व ब्रह्मपुत्र मेल एक-एक घंटे विलंबित रही। इसके अलावा जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, नेताजी(कालका मेल) एक घंटे विलंब से गंतव्य की तरफ रवाना हुई। इन ट्रेनों के विलंबित हो जाने से यात्रियों को भी दिक्कत हुई। ट्रेनों के इंतजार में यात्री प्लेटफार्म पर काफी देर तक बैठे रहे। जिले में ठण्ड के असर में वृद्धि हो गई है, बावजूद अबतक गरीबों में कंबल का वितरण नहीं किया गया। झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीब ठण्ड में किसी तरह रात गुजार रहे है। वहीं, प्रशासनिक अफसरों की मानें तो अबतक कंबल खरीदने के लिए टेण्डर ही नहीं कराया गया है, जिससे कंबल वितरण में विलंब हो रहा है। शासन से गरीबों और सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों के आसपास रात गुजारने वाले निराश्रित लोगों में ठण्ड बढ़ने पर प्रति वर्ष कंबल का वितरण कराया जाता है। इस वर्ष दिसंबर का महीना 12 दिन गुजर गया, लेकिन अबतक जिले के गरीबो में कंबल वितरण के लिए टेंडर ही नहीं कराया गया, जिससे प्रशासन को कंबल खरीदने में दिक्कत हो रही है। वहीं कंबल वितरण का कार्य भी अबतक नहीं शुरू हो पाया है। ठण्ड के कारण गरीब और निराश्रित लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। खासकर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीब किसी तरह रात गुजार रहे है। कंबल न बांटे जाने से रेलवे स्टेशन, रोडवेज और नगर के मंदिरों के आसपास रात गुजारने वाले निराश्रित लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक संस्थाएं भी अबतक गरीबों में कंबल का वितरण नहीं कर रही है। ठण्ड से बचाव करने में गरीबों को काफी दिक्कत हो रही है। ठण्ड के बावजूद नगर क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों पर अबतक अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे राहगीरों और आम लोगों को ठण्ड से बचाव करने में दिक्कत हो रही है। नगर के 40 से अधिक स्थानों पर अलाव जलवाने के लिए पूर्व में चिह्नित किया गया है, लेकिन अबतक किसी भी स्थान पर अलाव नहीं जलवाया गया है। नगर पालिका के ईओ जी. लाल का कहना है कि एक-दो दिनों में अलाव की व्यवस्था करा दी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




