श्रद्धा और विश्वास के मिलन से होता है रामकथा का प्रादुर्भाव
ड्रमंण्डगंज, हिन्दुस्तान संवाद। लालगंज थाना क्षेत्र के दिघुली स्थित खेलकूद के मैदान में आयोजित...
ड्रमंण्डगंज, हिन्दुस्तान संवाद। लालगंज थाना क्षेत्र के दिघुली स्थित खेलकूद के मैदान में आयोजित सात दिवसीय रामकथा का शुभारंभ शुक्रवार को 51 कन्याओं ने कलश शोभा यात्रा निकालकर की। मानस कोकिला कुमकुम मिश्र की अगुवाई में कलश शोभायात्रा निकाली गई।
कथा के प्रथम दिन कथावाचक ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम अनंत हैं और उनके गुण भी अनंत हैं। मनुष्य का जब परम सौभाग्य होता है तब रामकथा रूपी गंगा में गोता लगाने का अवसर प्राप्त होता है। कहा कि मानव जीवन एक ऐसा निमित्त है, जो चेतन स्वरूप परमात्मा की अनुभूति कराने के लिए प्राप्त हुआ है। राम कथा का प्रादुर्भाव श्रद्धा और विश्वास के मिलन से होता है।
कार्यक्रम के आयोजन में दिघुली के पूर्व प्रधान राजेश मिश्र, विहिप के जिला गोरक्षा प्रमुख निरंजन पांडेय अतरैलाराजा के प्रधान डॉ. महानरायण भारती, सुरेन्द्र जायसवाल, ओमकारनाथ पांडेय का योगदान रहा।
