मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा दे किसान: सुचिस्मिता मौर्य
Mirzapur News - कछवां, हिन्दुस्तान संवाद। विकासखंड मझवां स्थित कृषि विभाग के परिसर में शुक्रवार को रबी
कछवां, हिन्दुस्तान संवाद। विकासखंड मझवां स्थित कृषि विभाग के परिसर में शुक्रवार को रबी गोष्ठी और किसान मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
विधायक ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि गेहूं के साथ-साथ मोटे अनाज जैसे रागी, सांवा, कोदो, बाजरा, और ज्वार की खेती को बढ़ावा दें। इन अनाजों से न केवल आय में वृद्धि होगी, बल्कि लोगों का जीवन भी स्वस्थ रहेगा। ब्लॉक प्रमुख दिलीप कुमार सिंह ने किसानों को सरकार की किसान हितकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।
कृषि विभाग के योजना प्रभारी विजय कुमार मौर्य ने विभाग की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिए। कृषि कल्याण मंत्रालय के प्रतिनिधि डॉ. एसएन. सिंह ने रबी की फसलों की बुवाई और देखभाल के तरीके बताए। उन्होंने फसलों में लगने वाले कीटों के उपचार के उपाय भी साझा किए। जैविक खेती से आय बढ़ाने की सलाह दी। जनपद सलाहकार डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने जैविक और प्राकृतिक खेती के लाभ पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस पद्धति से किसान न केवल अपनी लागत घटा सकते हैं, बल्कि अपनी आय में भी वृद्धि कर सकते हैं। गोष्ठी में कृषि और पशुपालन विभाग के साथ अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टाल लगाए। किसानों ने इन स्टालों से आधुनिक खेती और पशु पालन की नई तकनीकों की जानकारी ली। रबी गोष्ठी में बड़ी संख्या में किसान, कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।