Mirzapur News: अनियंत्रित प्राईवेट बस सड़क किनारे गड्ढे में उतरी, 16 जख्मी
Mirzapur News: 10 व 11- ड्रमंडगंज में अनियंत्रित हो कर गड्डे में पलटी बस व घायल यात्री10 व 11- ड्रमंडगंज में अनियंत्रित हो कर गड्डे में पलटी बस व घायल यात्री10 व 11-

Mirzapur News: ड्रमंडगंज, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के बंजारी कला से सवारियों को लेकर प्रयागराज जा रही प्राईवेट बस सोमवार की दोपहर रतेह गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में 16 यात्री जख्मी हो गए। घटना के आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने घायलों का नजदीकी अस्पताल में उपचार कराया। वहीं बस का चालक मौके से भाग निकला। यात्रियों का आरोप है कि चालक नशे में धुत था। जिससे हादसा हुआ है।
बस की अनियंत्रित गति
ड्रमंडगंज के बंजारी कला गांव से सवारियों को लेकर प्राईवेट बस प्रयागराज के लिए रवाना हुई। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। चालक बस लेकर जैसे ही क्षेत्र के रतेह गांव स्थित इंडियन आयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचा। तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्डे में उतरकर झूल गई। घटना से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देते हुए बस से यात्रियों को बाहर निकालना शुरु किया। कुल 16 यात्री जख्मी हुए। वहीं सूचना के लगभग आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची। तब तक बस का चालक मौके से भाग निकला था। पुलिस के लेट पहुंचने से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। घायलों को रतेह चौराहा व ड्रमंडगंज स्थित निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। वहीं बस में सवार अन्य यात्रियों को भी मामूली चोट आई, लेकिन वह बाहर निकलने के बाद दूसरे वाहन से अपने गंतव्य को रवाना हो गए। यात्रियों ने बताया कि बस का चालक नशे में धुत था। काफी देर से वह बस को लहराते हुए चला रहा था। ग्रामीणों का आरोप हैकि घटनास्थल से थाने की दूरी मात्र डेढ़ किमी है। सूचना के बावजूद पुलिस आधे घंटे बाद पहुंची। जिससे बस का चालक भागने में सफल हो गया। इस संदर्भ में प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज राजेश कुमार ने बताया कि सवारियों से भरी प्राईवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लटक गई थी। कुछ यात्रियों को चोट आई है। यात्रियों का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है।
घायलों की पहचान
ये हैं घायल यात्री
बस में सवार ड्रमंडगंज के मड़वा धनावल निवासी 28 वर्षीया प्रीतू, 30 वर्षीय करिश्मा, 14 वर्षीय साध्वी, 25 वर्षीया ज्योति, बबुरा रघुनाथ सिंह निवासी 35 वर्षीय जय प्रकाश तिवारी, 28 वर्षीय आशीष तिवारी, बंजारी कला निवासी 28 वर्षीय अशोक, 25 वर्षीया ललिता, 36 वर्षीया गुलाब कली, 26 वर्षीया पूजा पाल, महेशपुर निवासी 28 वर्षीया प्रतिमा देवी, गडबड़ा गोकुल निवासी 24 वर्षीय रंजीत, 22 वर्षीया चंदा देवी, पवारी कला निवासी 32 वर्षीय अरविंद कुमार, मध्य प्रदेश के हनुमना निवासी 35 वर्षीय सुमन, प्रयागराज के बेलवनिया निवासी 26 वर्षीय प्रतिभा घायल हैं। घायलों को रतेह चौराहा व ड्रमंडगंज स्थित निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। यहां घायल अशोक तिवारी के दाएं पैर में गंभीर चोट देख डाक्टरों ने उसे मंडलीय अस्पताल भेज दिया। अन्य घायलों की उपचार के बाद स्थिति सामान्य है।


