रेलवे ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा रखे जाने की जांच शुरू

Mar 02, 2026 12:06 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मिर्जापुर
share Share
Follow Us on

Mirzapur News - मिर्जापुर में चंदौली के अलीनगर थाने की पुलिस ने होली स्पेशल ट्रेन को पलटाने की कोशिश की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को लोहे का टुकड़ा रेलवे ट्रैक पर रखा गया था, जिससे ट्रेन चालक ने आपात ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। आरपीएफ ने भी मामले की जांच शुरू की और रात में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।

रेलवे ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा रखे जाने की जांच शुरू

मिर्जापुर। चंदौली के अलीनगर थाने की पुलिस ने शनिवार की देर शाम जिवनाथपुर और कैलहट स्टेशन के बीच ब्लाक हाट के पास अप लाइन के ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा रख कर होली स्पेशल ट्रेन को पलटाने की गई कोशिश की जांच शुरू कर दी है। ब्लाक हाट के एसएस की तहरीर पर रपट दर्ज किया गया था। अलीनगर थाने के एसएसआई सतीश चंद्र सिंह को आईओ नियुक्त किया गया है। उन्होने रविवार को दोपहर में मौका मुआइना करने के बाद लोहे के टुकड़े को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखवा दिए। शनिवार को दानापुर से बंग्लूरू जा रही 03251 होली स्पेशल ट्रेन रात 7.30 बजे पीडीडीयू नगर से आगे के लिए रवाना की गई।

जब यह ट्रेन ब्लाक हाट से लगभग सौ मीटर दूर पहुंची होगी कि ट्रेन के चालक को ट्रैक पर रखे लोहे के टुकड़ा पर नजर चली गई। चालक ने तत्काल आपात ब्रेक लगा कर सौ मीटर पहले ट्रेन को रोक लिया। चालक और गार्ड ने ट्रेन के यात्रियों की मदद से रेलवे ट्रैक पर रखे लोहे के टुकड़ा को हटाया। तब जा कर रात को 8.15 बजे स्पेशल ट्रेन छिवकी(प्रयागराज) के लिए रवाना हुई। इस घटना के बाद आरपीएफ चुनार और जीआरपी चुनार तत्काल सक्रिय हो गई। मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की। वहीं रात में ही ब्लाक हाट के स्टेशन अधीक्षक(एसएस) ने अलीनगर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रपट दर्ज करा दिया। अलीनगर थाने के एसएसआई सतीश चंद्र सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होने मौके का निरीक्षण करने के बाद आसपास के लोगों से बयान लिया। वहीं लोहे के टुकड़े को भी साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित थाने उठा लाए। आरपीएफ ने भी शुरू की जांच, रात में भी होगी पेट्रोलिंग मिर्जापुर। रेलवे ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा रखकर दानापुर-बंग्लूरू होली स्पेशल ट्रेन को पलटाने की कोशिश के बाद आरपीएफ सक्रिय हो गई है। आरपीएफ चुनार पोस्ट के इंस्पेक्टर ने मामले की जांच की। वहीं दोबारा ऐसी घटना न होने पाए, इसके लिए अब आरपीएफ के सिपाही रात में भी पेट्रोलिंग करेंगे। रविवार की रात से ही आरपीएफ ने पेट्रोलिंग शुरू कर दिया है। वहीं रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया जा रहा है। खासतौर पर रेलवे ट्रैक के किनारे रखे खराब स्लीपरों को हटवाने के लिए इंजीनियरिंग विभाग को पत्र लिखा गया है। कहा गया है कि ट्रैक के किनारे रखे लोहे के गार्डर और स्लीपर को तत्काल हटवाया जाए। जिससे इस तरह की घटना न होने पाए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।