मर्चेंट नेवी अफसर की मां ने त्यागा अन्न
Mirzapur News - मिर्जापुर के मर्चेंट नेवी अफसर मनीष द्विवेदी 23 दिनों से लापता हैं। उनकी मां अंजनी देवी ने अन्न त्याग दिया है। परिवार गहरे सदमे में है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अमेरिकी दूतावास को पत्र लिखा, लेकिन 48 घंटे बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। परिवार मनीष की तलाश के लिए सरकार से मदद मांग रहा है।

मिर्जापुर। अमेरिका के पेंसिल्वेनिया शहर से 23 दिनों से लापता मर्चेंट नेवी अफसर मनीष द्विवेदी की मां ने अन्न त्याग दिया है। बेटे के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की ओर से अमेरिकी दूतावास को पत्र लिखे जाने के 48 घंटे बाद भी कोई जवाब नहीं मिला है। पड़री थाना क्षेत्र के चौहानपट्टी गांव निवासी संतोष द्विवेदी के इकलौते पुत्र मनीष द्विवेदी के लापता होने के बाद मां अंजनी देवी समेत पूरा परिवार सदमे में है। अंजनी देवी ने गुरुवार से अन्न भी त्याग दिया है। उनका कहना है कि जब तक उनका पुत्र नहीं मिल जाता, तब तक वे अन्न ग्रहण नहीं करेंगी।
बेटे के न मिलने से पूरा परिवार चिंतित और परेशान है।पिता संतोष द्विवेदी अब तक केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल से मुलाकात कर पुत्र की तलाश कराने की गुहार लगा चुके हैं। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल मनीष द्विवेदी के मामले में विदेश मंत्रालय के साथ ही अमेरिकी दूतावास को भी पत्र लिख चुकी हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के अनुरोध पर राज्य सरकार ने भी केंद्र सरकार को पत्र भेजकर मनीष की खोज कराने की मांग की है। इसके बावजूद अब तक मनीष द्विवेदी के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। परिजनों का कहना है कि काफी समझाने-बुझाने के बाद अंजनी देवी केवल नींबू-पानी और कुछ फलाहार ही ले रही हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


