वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों की होली रहेगी फीकी
Mirzapur News - मिर्जापुर में जिला विद्यालय निरीक्षक की लापरवाही के कारण माध्यमिक शिक्षकों और कर्मचारियों को होली से पहले वेतन नहीं मिला। शिक्षकों में मायूसी छाई है, जबकि मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को 28 फरवरी तक वेतन जारी करने का आदेश दिया था। शिक्षक संघ ने अधिकारियों की उदासीनता पर नाराजगी जताई है।

मिर्जापुर। जिला विद्यालय निरीक्षक की लापरवाही के चलते जिले माध्यमिक शिक्षकों, कर्मचारियों को होली के त्योहार से पहले वेतन नहीं मिल पाया। वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों की होली फीकी रहेगी, जिसे लेकर शिक्षकों में मायूसी छा गई है। यह हाल तब है जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी विभाग के कर्मचारियों को होली के त्योहार से पूर्व 28 फरवरी तक वेतन हर हाल में जारी करने का आदेश दिया था। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) के मंडीय अध्यक्ष रमेश कुमार द्विवेदी ने आरोप लगाया है कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की उदासीनता के कारण जनपद के माध्यमिक विद्यालयों का वेतन होली के पूर्व नहीं मिल पाया।
आरोप है कि पटल के लिपिकों को न कोई बहाना बना कर वेतन बिल लटकाए रखा। बाद में यह कहा गया कि आरबीआई बंद होने के कारण समय से वेतन मिल पाना संभव नहीं है। शिक्षक नेता का आरोप है कि जिले माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों, लिपिकों पर शासन के आदेश का भी कोई महत्व नहीं है। उनका कहना था कि इसी प्रकार दिवाली का बोनस भी कुछ विद्यालयों को तीन महीने बाद प्राप्त हुआ था। आरोप तो यहां तक है कि जब से वर्तमान जिला विद्यालय निरीक्षक ने कार्यभार ग्रहण किया है तब से कभी भी शिक्षकों का वेतन महीने की एक तारीख को प्राप्त नहीं हुआ। डीएम से कर चुके हैं शिकायत शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक के खाते में एनपीएस के लगभग 17 करोड़ रुपये डंप होने की शिकायत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से कर चुके हैं। साथ ही डीआईओएस कार्यालय में कोई भी कार्य समय से पूरा नहीं करने, सिटीजन चार्टर कार्यालय के सूचना पट पर प्रदर्शित न करने की भी शिकायत की गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



