सड़कों पर सीवर का पानी आने पर दंडित होंगे अधिकारी

Feb 28, 2026 12:00 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मिर्जापुर
share Share
Follow Us on

Mirzapur News - मिर्जापुर में डीएम पवन कुमार गंगवार और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने नवरात्र मेला की तैयारियों के लिए बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं, सड़कों की मरम्मत, सीवर सफाई और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शराब की दुकानों पर सीसीटीवी लगाने का भी आदेश दिया गया।

सड़कों पर सीवर का पानी आने पर दंडित होंगे अधिकारी

मिर्जापुर। डीएम पवन कुमार गंगवार एवं एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने शुक्रवार की शाम आगामी 18/19 मार्च की मध्य रात्रि से मां विन्ध्यवासिनी के धाम में शुरू होने वाले नवरात्र मेला की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों व पण्डा समाज की संयुक्त बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों, कार्यदायी एजेंसियों व पण्डा समाज के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों से मेला शुरू होने से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कराने का निर्देश दिया। लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड/निर्माण खण्ड के अधिकारियों को विंध्याचल जाने वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की हिदायत दी। कहा कि इसमें लापरवाही कदापि न बरती जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने कहा कि रेलवे स्टेशन से मंदिर तक जाने वाले मार्ग, कंतित से विन्ध्याचल आने वाले मार्ग, नए ओवरब्रिज से शिवपुर मार्ग, प्रयागराज और जौनपुर मार्ग की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराया जाए, जिससे यात्रियों के आवागमन में सुविधा मिले। डीएम ने जल निगम और नगर पालिका के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि गलियों व सड़कों पर सीवर या नाली का पानी बहने पर सम्बन्धित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी गलियों और सड़कों पर गंदा पानी व नाली का पानी न बहने पाए, जिससे श्रद्धालु शुद्ध मन से मां का दर्शन पूजन कर सकें। उप्रत्येक गलियों और मार्गों पर स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करा लिया जाए। अखाड़ा घाट से तिलठी/हरिसिंहपुर के लिए निर्माणाधीन पीपापुल को एक सप्ताह के अन्दर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहाकि पुल के दोनों तरफ बैरीकेडिंग, लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पीपापुल नवरात्र मेला के दौरान केवल पैदल आने जाने वालों के लिए संचालित किया जाएगा। पीपापुल के दूसरे छोर अखाड़ा घाट के सामने अपर पुलिस अधीक्षक को यात्रियों की सुविधा के लिए स्थान चिह्नित करते हुए पार्किंगस्थल बनाने का निर्देश दिया। कहा कि पार्किंग स्थल पर पेयजल, शौचालय और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। एआरटीओ को वाहनों की चेकिंग करने का निर्देश डीएम ने सम्भागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि वाहनों की चेकिंग अभी से प्रारम्भ कर दे तथा शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके। मेला क्षेत्र में बनाए जाने वाले वाहनों की पार्किंग की स्वीकृति प्रदान करते हुए पार्किंग स्थल पर कार्यरत ठेकेदार सहित उनके सभी कार्मिकों/व्यक्तियों का नाम मोबाइल नम्बर आधार कार्ड प्राप्त कर पुलिस सत्यापन भी कराया जाए। पार्किंग स्थलों पर नगर पालिका/जिला पंचायत निर्धारित वाहनों से पार्किंग शुल्क लिया जाए। अधिक/अवैध वसूली की शिकायत पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विन्ध्याचल मेला में दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिस विभाग को जो जिम्मेदारी दी गई है उसे अभी से प्रारम्भ करते हुए मेला से पूर्व शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करा लिया जाए। शराब की दुकानों पर लगाना होगा सीसीटीवी कैमरा पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि शराब की लाइसेंसी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरा सुरक्षा की दृष्टिगत लगवाया जाए। मेला क्षेत्र में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम, खोया पाया शिविर, आवश्यकतानुसार बैरियर/बैरीकेडिंग, सादे एवं वर्दी महिला एवं पुरुष सिपाहियों की तैनाती की जाएगी। मेला क्षेत्र के प्रमुख गलियों एवं परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाते हुए कड़ी निगरानी की जाएगी। नगर पालिका हैण्ड पम्पों की मरम्मत और कराएगी सफाई अपर जिलाधिकारी वि/रा अजय कुमार सिंह ने मेला क्षेत्र के खराब हैण्डपम्पों की मरम्मत, शुलभ शौचालय, नाली, नालों की सफाई, आवारा पशुओं को पकड़वाने और सभी वाहन स्टैण्डों पर रेट लिस्ट लगवाना का निर्देश दिया। कहाकि घाटों पर महिलाओं के वस्त्र बदलने की पर्याप्त व्यवस्था, मेला क्षेत्र/घाटों पर अस्थाई मजबूत बरीकेडिंग, गंगा किनारे विद्युत प्रकाश व्यवस्था की व्यवस्थाए नगर पालिका कराएगी। बैठक में इनकी रही उपस्थिति बैठक में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, अधिशासी अभियंता जल निगम अभाव शाखा ग्रामीण, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड, सचिव मिर्जापुर विन्ध्याचल विकास प्राधिकरण, सहायक निदेशक विद्युत, मुख्य चिकित्साधिकारी, स्टेशन अधीक्षक विन्ध्याचल, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, विन्ध्य पण्डा के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी, शनी दत्त पाठक, गुंजन मिश्रा उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।