
विकास कार्यों में तेजी लाएं, वर्ना होगी कार्रवाई : डीएम
Mirzapur News - मिर्जापुर के डीएम पवन कुमार गंगवार ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधूरे कार्यों को तुरंत पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने छात्रों के लिए छात्रवृत्ति का वितरण, सोलर ऊर्जा प्लांट लगाने और निर्माणाधीन पुलों के कार्यों में तेजी लाने की बात की। आकांक्षात्मक ब्लाकों की समीक्षा एक सप्ताह बाद की जाएगी।
मिर्जापुर। डीएम पवन कुमार गंगवार ने कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधूरे कार्यों को तत्काल पूरा कराने का निर्देश दिया। कहा कि सीएम डैशबोर्ड, आकांक्षात्मक ब्लाक और पूर्वांचल निधि से कराए जा रहे कार्यों की प्रगति में तेजी लाई जाए। इसमें लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान पीएम सूर्य घर में कार्य योजना बनाकर लोगों को प्रेरित करते हुए सोलर ऊर्जा प्लांट लगवाने का निर्देश दिए। वहीं, समाज कल्याण विभगा अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग के अधिकारियों को दशमोत्तर और पूर्व दशम छात्रवृत्ति को 31 दिसम्बर तक प्रत्येक दशा में लाभार्थियों के खाते में छात्रवृत्ति की धनराशि भेजने की हिदायत दी।

कहा कि फैमिली आईडी की प्रगति 75 प्रतिशत से बढ़ा कर माह के अंत तक 90 प्रतिशत लाई जाए। डीएम ने सेतु निगम परियोजना निदेशक को निर्माणाधीन पुलों के कार्यों में तेजी लाने की हिदायत दी। वहीं, सेतु निगम के परियोजना निदेशक ने बताया कि आमघाट रेलवेब्रिज पर कार्य प्रगति पर है वह इस माह के अंन्त तक पूर्ण करा लिया जाएगा। नई सड़कों के निर्माण में 95 प्रतिशत की प्रगति बताया गया। कहा गया कि अब मात्र एक सड़क अवशेष है जिस पर कार्य प्रगति पर है। इस माह के अन्त तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। युवा उद्यमी स्वारोजगार योजना के संबंध में डीएम ने उपायुक्त उद्योग को बैंकों से समन्वय स्थापित करते हुए स्वीकृति के सापेक्ष ऋण वितरण सुनिश्चित कराने की हिदायत दी। वहीं क्रिटिकल गैप्स योजना के तहत कराए जाने वाले कार्यों, पूर्वांचल निधि के कार्य, वन विभाग से विढण्म फाल में निर्माणाधीन ओपन किचन, महिलाओं के लिए शौचालय के कार्य को तत्काल पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। इस दौरान डीएम को बताया गया कि लोंहदी घाट पर निर्माणाधीन धोबी घाट और ईवीएम गोदाम जाने वाला मार्ग पर बनवाया जा रहा आरसीसी रोड का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करा लिया गया है। पूर्वांचल निधि के 2023-24 के सभी कार्य पूर्ण हो चुके है। वित्तीय वर्ष-2024-25 में तीन कार्य प्रगति पर है कार्यदायी संस्था आरईडी के इंजीनियरों ने बताया कि लक्षित समय के अन्दर पूर्ण करा लिया जाएगा। डीएम ने कहा कि आकांक्षात्मक ब्लाकों में जिस अधिकारी के स्तर पर कार्य अपूर्ण और लंबित है जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चिह्नित करते हुए सम्बन्धित के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के बाद पुनः आकांक्षात्मक ब्लाकों की समीक्षा की जाएगी। बैठक मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, आरईएस, आरईडी के इंजीनियर मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


