
छोटी दीवाली पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़े लोग
Mirzapur News - मिर्जापुर में दीपोत्सव के दूसरे दिन छोटी दिवाली पर बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। लोग गणेश-लक्ष्मी की मिट्टी की मूर्तियों, मिठाई, लाई-चिउड़ा, और आभूषण की खरीदारी में जुटे रहे। बाजारों में जाम की स्थिति...
मिर्जापुर। दीपोत्सव के पंच दिवसीय पर्व के दूसरे दिन छोटी दिवाली पर खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दीवाली पर गणेश-लक्ष्मी के पूजन के लिए मिट्टी की बनी मूर्ति के साथ ही मिठाई, लाई, चिउड़ा, चीनी के बने हाथी-घोड़ा और मिट्टी के खिलौनों की लोगों ने जमकर खरीदारी की। कपड़ा और आभूषण बाजार में भी ग्राहक पूरे दिन खरीदारी के लिए जुटे रहे। नगर के बाजारों में पूरे दिन जाम की स्थिति रही। नगर के बाजारों में शनिवार को धनतेरस से ही खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी है। आभूषण की दुकानों से लेकर खाने-पीने के सामानों की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।

दीवाली पर एक दूसरे को बधाई देने के साथ ही मिठाई और गिफ्ट देने की भी परंपरा है। इसी परंपरा को निभाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने मिठाई की खरीदारी की। नगर के मिठाई की प्रमुख दुकानों के अलावा विभिन्न मंदिरों पर शुद्ध देसी घी से बनी मिठाई बिकती है। नगर के मंदिरों पर बनी करीब दस से पंद्रह कुंतल मिठाई बिक गई। इसके अलावा आभूषण की दुकानों पर रविवार को भी खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। नगर के डंकीनगंज स्थित कृष्ण अलंकार, त्रिमोहानी स्थित जेवर कोठी, वासलीगंज स्थित सूर्या ज्वैलर्स एवं आभूषण की अन्य दुकानों पर पूरे दिन खरीदार उमड़े रहे। लाई-चिउड़ा और चीनी से बने हाथी-घोड़ा की हुई खरीदारी मिर्जापुर। नगर के घंटाघर, वासलीगंज, संगमोहाल और पीली कोठी आदि स्थानों पर सड़क की पटरी पर लाई-चिउड़ा और चीनी से बने हाथी-घोड़ा की लोगों ने जमकर खरीदारी की। इन दुकानों से गणेश-लक्ष्मी की पूजा के लिए लोगों ने धान का लावा भी खरीदा। नगर के विभिन्न बाजारों में सड़क की पटरी पर बड़ी संख्या में लोगों ने लाई-चिउड़ा और चीनी से बने खिलौनों की दुकान लगा रखा है। इन दुकानों पर देर रात तक लोगों ने मनपसंद सामान की खरीदारी की। आटो बाजार में भी वाहन खरीदने के लिए उमड़े ग्राहक मिर्जापुर। धनतेरस शनिवार को होने के कारण कुछ लोगों ने चारपहिया और दोपहिया वाहनों की डिलेवरी नहीं लिए थे। इसके अलावा शनिवार के कारण कई लोगों ने वाहनों को नहीं खरीदा। ऐसे लोग रविवार को विभिन्न वाहनों के शोरूम में पहुंचकर मनपसंद वाहनों की खरीदारी की। गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों,वस्त्रों की विक्री की रही धूम-अंतिम फाइल मिर्जापुर, संवाददाता। दीवाली के अवसर पर सुख और समृद्धि के प्रतीक भगवान गणेश और लक्ष्मी की मिट्टी की मूर्तियों से बाजार सजा रहा। सोने-चांदी की खरीदारी करने के बाद लोग पूजन के लिए भगवान गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियां खरीदा। गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियों से नगर के सड़क की पटरियों पर सजी दुकानों पर खासा भीड़ रही। नगर के संकट मोचन से लेकर ओलियर घाट, घंटाघर चौराहा, वासलीगंज, त्रिमोहानी, मुकेरी बाजार, तहसील चौराहा, महुअरिया बाजार में भीड़ रही। मूर्तियों के साथ ही भगवान के विविध आकार प्रकार के केशरिया रंग के वस्त्र, भगवान के आभूषण, पीतांबर लोगों ने खरीदे। वहीं, शाम को घंटाघर में अचानक ग्राहकों के उमड़ने से रोड पूरी तरह से जाम रहा। गेंदा के फूल की माला से दमका बाजार दीवाली पर गणेश-लक्ष्मी की पूजा के लिए मंदिरों के सामने मालियों ने माला-फूल की दुकानों को सजा रखा था। गेंदा के फूलों से बना माला 40 रुपये से लेकर सौ रुपये तक का रहा। इसी तरह गुलाब के फूलों से बने माला की कीमत डेढ़ सौ से दो सौ रुपये रही। माला-फूल की दुकानों से देर शाम तक लोगों ने खरीदारी की। सब्जी पर दिखा महंगाई का रंग मिर्जापुर। दीवाली का त्योहार शुरू होते ही धनतेरस को सब्जी के दामों में दोगुनी वृद्धि कर दी गई थी। पुरानी आलू के दाम को छोड़ अन्य सब्जी 40 से 80 रुपये किलो बिक रही थी। बैगन 40 से 50 रुपये, टमाटर 40 रुपये, सूरन 80 रुपये, परवल 90 रुपये किलो, नई आलू 60 रुपये किलो, पालक 35 रुपये किलो, मूली 40 रुपये किलो, हरा कोहड़ा 50 रुपये, लौकी 60 रुपये बिक रही थी। सब्जी के दामों में अचानक वृद्धि कर दिए जाने से लोगों की जेब पर भारी असर पड़ा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




