सीडीओ ने तालाबों को पानी से भरने का दिया निर्देश
मिर्जापुर के मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने जिले के चार सौ से अधिक तालाबों को पानी से भरने का आदेश दिया है। भीषण गर्मी के कारण तालाब सूख गए हैं, जिससे पशुओं के लिए पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने एक सप्ताह में नहरों के संचालन के बाद रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।

मिर्जापुर। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने पशुओं को पेयजल मुहैया कराने के लिए जिले के चार सौ से अधिक तालाबों को पानी से भरने का आदेश दिया है। उन्होंने जिले के तीनों नहर प्रखण्ड के अधिशासी अभियंताओं को दिए निर्देश में कहा है कि नहरों का संचालन कर एक सप्ताह के अंदर पानी से लबालब कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसमें लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। भीषण गर्मी में जिले के अधिकतर तालाब सूख गए हैं, इससे पशुओं के समक्ष पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। खासकर छुट्टा पशुओं को पीने के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है।
इससे पशुओं के समक्ष समस्या खड़ी हो गयी है। पेयजल के लिए परेशान पशु गांवों में पहुंच कर जायद की फसलों को भी क्षति पहुंचा रहे है। इसी को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने जिले के चार सौ से अधिक तालाबों को पानी से भरने का निर्देश दिया है। उन्होने सिंचाई विभाग के सिरसी प्रखण्ड, मिर्जापुर कैनाल डिविजन और चुनार डिविजन के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया है कि नहरों का संचालन कर एक सप्ताह के अंदर सभी तालाबों को पानी से लबालब करने के रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। सीडीओ का कहना है कि तालाबों को पानी से भर दिए जाने से पशुओं को जहां पीने के लिए पर्याप्त पानी मिल जाएगा। वहीं तालाब के आसपास स्थित हैण्ड पम्पों का जलस्तर भी कुछ उपर आ जाएगा। इससे हैण्ड पम्पों से भी लोगों को आसानी से पानी मिलेगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


