पुरुषोत्तम मास में बदेवरा नाथ धाम में भक्तों की उमड़ी भीड़
बदेवरा चौबे गांव के बाबा बदेवरा नाथ धाम में पुरुषोत्तम मास के चौथे सोमवार को लगभग 25,000 श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। पुजारी महेंद्र गिरी ने भव्य श्रृंगार किया और भक्तों ने हवन कुंड की भष्म लेने के लिए धक्का-मुक्की की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात रही।

जिगना (मिर्जापुर)। पुरुषोत्तम मास के चौथे सोमवार को क्षेत्र के बदेवरा चौबे गांव स्थित बाबा बदेवरा नाथ धाम में लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर बाबा का आशीर्वाद लिया। अभिषेक के बाद हवन कुंड की भष्म लेने के लिए धक्का मुक्की होती रही। पुजारी महेंद्र गिरी ने बताया कि भोर में आरती पूजन के साथ ही बदेवरा नाथ का भव्य श्रृंगार किया गया। भांग,धतूरा,शमी व विल्व पत्र चमेली तथा गेंदा,गुलाब के फूलों से झांकी सजाई गई। भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बाबा बदेवरा नाथ के अनन्य भक्त वीरेंद्र तिवारी ने मंत्रोच्चारण के मध्य 56 भोग लगाकर विधि विधान से भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
लोक मान्यता है कि बाबा बदेवरा नाथ के हवन कुंड की भष्म का लेपन करने से गठिया बतास जैसे असाध्य रोगों से मुक्ति मिल जाती है। दूर दराज क्षेत्रों से आए भक्त हवन कुंड की भष्म पोटली में बांधकर अपने साथ ले गए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से दुकानदारों के चेहरे खिल रहे। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के जवान तैनात रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


