मार्निंग वॉक के लिए घर से निकल रहे अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या
Mirzapur News - मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अधिवक्ता की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज मिला है। पुलिस का मानना है कि ग्राम प्रधानी के विवाद में यह हत्या की गई। मृतक के परिजनों ने दो व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारूकापुरा मोहल्ले में शनिवार की सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले अधिवक्ता को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारने के बाद दोनों बदमाश बाइक से भागने में सफल रहे। इस घटना की फुटेज सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गयी है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि ग्राम प्रधानी के विवाद में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या की गयी है। मृत अधिवक्ता के परिजनों ने गांव के ही दो व्यक्तियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
विंध्याचल कोतवाली के देवरी गांव निवासी राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह नगर के कतवारूकापुरा मोहल्ले में मकान बनवा कर रहते थे। उनकी पत्नी गांव की प्रधान है। इससे पहले राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह गांव के प्रधान थे। उनका गांव के ही एक व्यक्ति से ग्राम प्रधानी को लेकर विवाद चल रहा था। राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह शनिवार सुबह सात बजे घर से निकल कर मार्निंगवॉक के लिए जा रहे थे। इसी बीच बाइक से आए बदमाशों में एक बदमाश उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वे जमीन पर गिर गए और बदमाश भागने लगा तो उसकी बाइक स्टार्ट नहीं हुई। तब गोली मारने वाला बदमाश अपने साथी को पीछे बैठाया और खुद बाइक स्टार्ट कर भागने लगा। तब तक कुछ लोगों ने बदमाशों को पकड़ना चाहा तो पीछे बैठा बदमाश तमंचा निकाल लिया। इससे पीछा करने वाले लोग भाग गए। वहीं घटना की जानकारी होते ही एसपी अर्पणा रजत कौशिक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


