वाहन चोर गिरोह का सरगना गिरफ्तार, आठ बाइकें बरामद
Mirzapur News - मिर्जापुर में जमालपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सरगना नीतीश उर्फ राजा बिंद को गिरफ्तार किया। उसके पास से आठ चोरी की बाइक और एक तमंचा बरामद हुआ। गिरोह के तीन अन्य सदस्य फरार हैं। गिरोह शादी समारोह में खड़ी बाइक को निशाना बनाता था।

मिर्जापुर। जमालपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सरगना को बुधवार धर दबोचा। उसके पास चोरी की आठ बाइकें और तमंचा बरामद हुआ। पकड़ा गया सरगना बिहार का निवासी है, जबकि गिरोह के तीन सदस्य अभी फरार हैं। शादी समारोह स्थल पर खड़ी बाइक को निशाना बनाते थे। एएसपी आपरेशन राजकुमार मीणा ने बताया कि जमालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार मय हमराही संग गश्त पर निकले थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि शेरवां डोहरी बैंक तिराहे के पास एक व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पहुंची पुलिस ने चोरी की बाइक संग बिहार के कैमूर भभुआ के चांद थाना क्षेत्र के बेलाडीह निवासी नीतीश उर्फ राजा बिंद को धर दबोचा।
उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गांव में छिपाकर कर रखी सात अन्य चोरी की बाइकें बरामद की। चोरी की गई बाइक की जमालपुर और बिहार के चांद थाने में मामला दर्ज है। एएसपी आपरेशन ने बताया कि पकड़ा गया नीतीश वाहन चोर गिरोह का सरगना है। गिरोह में तीन अन्य सदस्य भी शामिल हैं, जो फरार हैं। पुलिस की टीम उनकी तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरोह के सदस्य शादी समारोह स्थल पर खड़ी बाइक को निशाना बनाते हैं। बाइक चुराने के बाद उसका नंबर प्लेट बदलकर ग्राहक को औने पौने दाम में बेचते हैं। इसके अलावा बाइक के पार्ट्स को बेचने का काम करते हैं। मिर्जापुर के अलावा सोनभद्र, वाराणसी और बिहार तक चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष के अलावा उपनिरीक्षक जय प्रकाश यादव, उपनिरीक्षक ओम प्रकाश सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


