आईटी टीम ने विधायक के क्रशर प्लांट पर मारा छापा
Mirzapur News - मिर्जापुर के डगमगपुर में विधायक उमाशंकर सिंह के क्रशर प्लांट पर आयकर विभाग ने छापेमारी की। विभाग ने खनन से संबंधित फार्म-सी और एम-11 फार्म को कब्जे में लिया। पूछताछ के दौरान दो कर्मचारियों को भी ले जाया गया। यह कार्रवाई विधायक की सम्पत्ति की जांच के दौरान की गई।

मिर्जापुर। आयकर विभाग की टीम शुक्रवार को देर शाम पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर स्थित बसपा के बलिया के रसड़ा के विधायक उमाशंकर सिंह के क्रशर प्लांट पर पहुंच कर खनन के लिए उपयोग किए जाने वाले फार्म-सी और एम-11 फार्म को कब्जे में ले लिया। इन्हीं दोनों फार्म का उपयोग पत्थर खनन कर भण्डारण और परिवहन के लिए उपयोग किया जाता है। इसी के उपयोग के आधार पर खनन विभाग रायल्टी भी जमा कराता है। वहीं पता चला है कि दो कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए आईटी की टीम लेकर गोपनीय स्थान के लिए रवाना हो गयी। बीते 48 घंटे से बलिया के रसड़ा के विधायक उमाशंकर सिंह की सम्पत्ति की जांच कर रही आईटी टीम के शुक्रवार को देर शाम डगमगपुर क्रशर प्लांट पर पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गयी।
क्रशर प्लांट पर कार्य कर रहे कर्मचारी आईटी टीम को देखते ही इधर-उधर खिसकने लगे। वहीं टीम के सदस्यों ने क्रशर प्लांट के दो कर्मचारियों को कब्जे में लेकर खनन कार्य के लिए उपयोग किए जाने वाले अभिलेखों के संबंध में पूछताछ में जुट गई। करीब आधे घंटे की पूछताछ के बाद क्रशर प्लांट के एक कमरे में रखे गए फार्म-सी और एम-11 फार्म का दस-दस बुक कब्जे में ले लिए। एक बुक में करीब 50 पन्ना रहता है। इन्हीं दोनों फार्म का उपयोग क्रशर प्लांट पर गिट्टी के भण्डारण और परिवहन के लिए उपयोग किया जाता है। आईटी के छापेमारी की भनक इलाकाई पुलिस को भी नहीं लगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



