जिलाधिकारी ने विंध्य मार्ट का किया लोकार्पण
Mirzapur News - लालगंज में डीएम पवन कुमार गंगवार और सीडीओ विशाल कुमार ने नवनिर्मित ब्लॉक सभागार एवं विंध्य मार्ट का उद्घाटन किया। विंध्य मार्ट में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के 35 उत्पादों की बिक्री होगी। डीएम ने उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की और कहा कि महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए इन्हें बड़े बाजार से जोड़ना आवश्यक है।

लालगंज। डीएम पवन कुमार गंगवार एवं सीडीओ विशाल कुमार ने नवनिर्मित ब्लॉक सभागार एवं विंध्य मार्ट का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उद्घाटन किया। विंध्य मार्ट में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हाथों तैयार करीब 35 उत्पादों की बिक्री की जाएगी। उद्घाटन के बाद डीएम ने प्रत्येक स्टाल का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ना जरूरी है, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने कहा कि विंध्य मार्ट की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
इस पहल से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को स्थायी बाजार उपलब्ध होगा और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। खंड विकास अधिकारी अंशुल हिंदल ने मार्ट की स्थापना और संचालन की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर, एडीओ पंचायत अजय शंकर, एडीओ ग्राम विकास श्याम कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मतदाता पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी सिंटू, सफाईकर्मी गौरीशंकर पांडेय, रमेश और ओमप्रकाश को सम्मानित किया। विंध्य मार्ट निर्माण में सहयोग देने वाले ग्राम प्रधान विजय कुमार गुप्ता और ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र को भी प्रशस्तिपत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा बैंक सखी, स्वास्थ्य सखी, आजीविका सखी और विद्युत सखी के रूप में कार्य कर रहीं सुनीता, साधना, आरती और गीता को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे पहले पूजन कार्यक्रम पंडित विश्वनाथ उर्फ तोता पंडित ने कराया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


