घने कोहरे से ठण्ड में हुआ इजाफा, वाहनों का संचालन प्रभावित
Mirzapur News - मिर्जापुर में शनिवार को हुई हल्की बारिश के बाद रविवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे ठंड बढ़ गई। वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ और लोग ठंड से कांपते रहे। न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। कोहरे के...

मिर्जापुर, संवाददाता। जिले में शनिवार को हुई हल्की बारिश के बाद रविवार को घना कोहरा छाया रहा। इससे जहां ठंड बरकरार रही। वहीं सड़क पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। रविवार को सुबह नौ बजे के बाद सूर्य के दर्शन हुए, लेकिन कुछ देर बाद आसमान में बादलों के आ गए। इससे पूरे दिन लोगों को धूप नहीं मिली। ठंड से लोग कांपते रहे। रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 23.00 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम का मिजाज शनिवार से बिगड़ा हुआ है। शनिवार को पूरे दिन हुई हल्की बारिश से जहां ठण्ड मे इजाफा हो गया है। वहीं रविवार को सुबह नौ बजे तक कोहरा छाया रहा। इससे वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा है। हाई-वे से गुजरने वाले ट्रक चालक हेडलाइट के सहारे किसी तरह धीमी गति से आगे बढ़ने में जुटे रहे। वहीं सबसे अधिक दिक्कत दो पहिया वाहन चालकों को हुई। कोहरे के चलते दस मीटर की भी दूरी नहीं दिख रही थी। हालांकि घना कोहरा होने के बावजूद वाहन चालकों की सूझबूझ से कोई हादसा नहीं हुआ। वहीं कोहरे और ठण्ड के कारण राहगीरों को काफी दिक्कतें हुई। नगर और ग्रामीण क्षेत्र के चट्टी-चौराहों पर अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे लोग ठण्ड के बावजूद हाथ नहीं सेक पा रहे है। ठण्ड से ठिठुर रहे लोग हाथ सेकने के लिए चाय की दुकानों पर जल रही भट्ठी की मदद ले रहे है। ठण्ड के चलते बच्चों और बुर्जुगों का बुराहाल है। मौसम का असर सबसे अधिक बुजुर्ग और बच्चों पर पड़ रहा है। कई लोग सर्दी और जुकाम से बीमार हो कर इलाज करा रहे है। मण्डलीय अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सालय में ठण्ड से बीमार कई लोग इलाज कराने के लिए पहुंचे थे।
कोहरे से दलहन और तिलहन की फसलों को हो सकती है क्षति
मिर्जापुर। कोहरे से दलहन और तिलहन की फसलों को क्षति पहुंच सकती है। बरकछा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष प्रो. श्रीराम सिंह का कहना है कि यदि मौसम शीघ्र साफ न हुआ तो मटर की फसलों में पाला लग सकता है। वही सरसों की फसल में माहू कीट लगने की संभावना बढ़ जाएगी। इसके अलावा आलू और टमाटर व मिर्च की फसलों को भी कोहरे से क्षति हो सकती है। कोहरे से आलू और टमाटर के पौधों में झुलसा रोग लग सकता है। किसान इन फसलों को पाला और कोहरा से बचाव के लिए हल्की सिंचाई कर सकते है। खेतों में नमी होने से मटर की फसल पर पाला का असर नहीं पड़ेगा।
रूम हीटर और कोयले की मांग बढ़ी
मिर्जापुर। ठण्ड से बचाव के लिए रूम हीटर और लकड़ी के कोयले की मांग में इजाफा हो गया है। सुबह शाम हाथ सेकने के लिए लोग रूम हीटर खरीद रहे है। वहीं जो लोग रूम हीटर नहीं खरीद पा रहे हैं वे लकड़ी का कोयला खरीद कर अंगीठी जला कर आग ताप रहे है। ठण्ड में रूम हीटर की डिमाण्ड होते ही व्यापारियों ने दाम भी बढ़ा दिए है। सामान्य रूम हीटर छह सौ से आठ सौ रुपए में मिल रहा है। वही ब्लोअर की कीमत 1200 से पंद्रह सौ के बीच है।
गर्म उनी कपड़ों की खरीदारी में जुटे लोग
मिर्जापुर। ठण्ड बढ़ते ही लोग ऊनी कपड़ों की खरीदारी करने में जुट गए। रविवार को नगर के विभिन्न बाजारों में स्थित ऊनी कपड़ों की दुकानों से स्वेटर, मफलर एवं टोपी खरीदने में लोग जुटे रहे। इसके अलावा कई स्थानों पर ऊनी कपड़ों की अस्थाई दुकानें भी खोल दी गई है। इन दुकानों से भी बड़ी संख्या में लोग ऊनी कपड़े खरीदने में जुटे रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।