तेज धूप और लू से राहगीर रहे परेशान
मिर्जापुर में तेज धूप और लू के कारण लोग परेशान हैं। शनिवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जिससे बाजारों में भीड़ कम हो गई। सुबह से ही गर्मी और धूप के कारण राहगीर घर से बाहर निकलने में असमर्थ रहे। बीएचयू के मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक यही मौसम बना रहेगा।

मिर्जापुर। जिले में तेज धूप और लू के चलते राहगीर परेशान रहे। लू के थपेड़ों से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। जिले का तापमान शनिवार को भी 45 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा। तेज धूप और गर्म हवा से सड़कों पर सन्नाटा रहा। नगर के बाजारों में भी दोपहर क समय बंदी जैसा माहौल रहा। बाजारों में काफी कम लोग खरीदारी के लिए पहुंचे थे। जिले का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में सुबह सात बजे से ही तेज धूप और गर्म हवा चलने से राहगीर परेशान दिखे। धूप के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।
बीएचयू के साउथ कैंपस के मौसम विभाग के मुताबिक अभी एक सप्ताह तक इसी तरह मौसम बना रहेगा। जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गर्मी से सरकारी कार्यालयों में भी आम लोगों की उपस्थिति काफी कम रही। वहीं, थानों पर आयोजित समाधान दिवस पर भी अपेक्षित संख्या में फरियादी नहीं पहुंचे थे। तेज धूप के कारण कूलर भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं दे पा रहा है। वहीं तेज धूप और लू के थपेड़ों से बचने के लिए राहगीर सिर को रूमाल से ढके हुए थे। नगर के बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसर गया। बकरीद का त्योहर करीब होने के बावजूद बाजारों में खरीदारी के लिए काफी कम लोग पहुंचे। दुकानदार आधा शटर गिराकर कूलर और पंखा के सामने गर्मी से बचने के लिए बैठे रहे। वहीं, शाम को पांच बजे के बाद जब धूप थोड़ा कम हुई तब बाजारों में चहल-पहल बढ़ी। नगर के वासलीगंज, बसनही बाजार, त्रिमोहानी, घंटाघर, लालडिग्गी, धुंधी कटरा, संगमोहाल आदि बाजारों में चहल-पहल बढ़ गयी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


