
कार बिक्री के नाम पर फतेहपुर के युवक से डेढ़ लाख की ठगी
Mirzapur News - जिगना के बिहसड़ा बाजार में एक युवक से डेढ़ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित हरियाणा से कार खरीदने आया था, जहां उसे एक युवक ने ठगा। युवक ने कार दिखाने के बाद पैसे लेकर भाग गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है, लेकिन शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।
जिगना। स्थानीय थाना क्षेत्र के बिहसड़ा बाजार में गुरुवार दोपहर फतेहपुर के युवक के साथ डेढ़ लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित हरियाणा से कार खरीदने जिगना आया था। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की कोई जानकारी नहीं है। कृष्ण कुमार रजक पुत्र स्व. नंदीलाल फतेहपुर जिले के खकरेरु थाना क्षेत्र के अढ़ैया गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि दो साल पहले एक युवक से गुड़गांव में दोस्ती हुई थी। मोबाइल पर लगातार बातें होती थीं। उसने अपना पता जिगना थाना क्षेत्र के बिहसड़ा कला गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास बताया था। युवक ने एक कार खरीदने के लिए जिगना के बिहसड़ा बाजार पेट्रोल पंप के पास बुलाया था।
गुरुवार को कार खरीदने जब पहुंचा तो उसने कार दिखाई। उसके बाद कार बिक्री के नाम पर डेढ़ लाख रुपये भी ले लिए। कहा कि अभी कार का मालिक आ रहा है, जिसके बाद कार के कागजात मिल जाएंगे। तब वहां रुक कर वह कार मालिक का इंतजार करने लगे। उसी दौरान युवक ने नाश्ते की दुकान पर चलने की बात कही। दुकान तक पहुंचते ही युवक अचानक लापता हो गया। जब उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो स्वीच ऑफ बता रहा है। घंटों इंतजार के बाद भी युवक वापस नहीं लौटा, तब पता चला कि युवक डेढ़ लाख रुपये ठग कर फरार हो गया है। युवक खुद को बिहसड़ा बाजार निवासी सलमान खान बता रहा था। इस संबंध में थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




