ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मिर्जापुरकिसान की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग, चरवाहे की मौत

किसान की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग, चरवाहे की मौत

नक्सल प्रभावित ग्राम पंचायत निकरिका के बलुआ बजाहुर जंगल स्थित बेदउर मजरे में शनिवार रात किसान की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग में चरवाहे की मौत हो गई। किसान अपने चचेरे भाई और चाचा के साथ खेत की रखवाली...

किसान की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग, चरवाहे की मौत
हिन्दुस्तान टीम,मिर्जापुरMon, 11 Dec 2017 12:29 AM
ऐप पर पढ़ें

नक्सल प्रभावित ग्राम पंचायत निकरिका के बलुआ बजाहुर जंगल स्थित बेदउर मजरे में शनिवार रात किसान की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग में चरवाहे की मौत हो गई। किसान अपने चचेरे भाई और चाचा के साथ खेत की रखवाली कर रहा था। अचानक कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बचाव में गोली चलाने से घटना हो गई। चरवाहे के परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गयी। इस बीच, किसान ने भी तहरीर देकर पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। चुनार कोतवाली क्षेत्र के कोलना गांव निवासी मन्ना यादव का निकरिका ग्राम पंचायत के बलुआ बजाहुर जंगल स्थित बेदउर मजरे में खेत है। मजरे में मल्लाह व बिंद जाति के लोगों की अधिक संख्या है। यहां अजय बिंद, उनका चचेरा भाई विजय बिंद और चाचा गजराज बिंद बंटायीदार किसान हैं। बंटायी पर खेत लेकर उन्होंने सरसों की खेती की है। शनिवार रात नौ बजे वे तीनों खेत की रखवाली कर रहे थे। अचानक पांच लोगों ने उनके ऊपर हमला कर दिया। इस दौरान दो लोगों ने अजय बिंद की लाइसेंसी बंदूक छीनने का प्रयास किया। छीनाझपटी में अजय के चचेरे भाई विजय बिंद ने बचाव में लाइसेंसी बंदूक का ट्रिगर दबा दिया। बंदूक से चली गोली चरवाहे 28 वर्षीय सनोज यादव निवासी मीरापुर, अहरौरा को लग गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथ आये लोग लाइसेंसी बंदूक लेकर भाग गए। घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार रात 12.30 बजे मड़िहान कोतवाल केके सिंह और राजगढ़ चौकी प्रभारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये। इस दौरान चुनार और अहरौरा थाने की भी फोर्स मौके पर पहुंच गयी थी। छानबीन के बाद मड़िहान पुलिस चरवाहे का शव लेकर चली गयी। रविवार सुबह कोतवाल ने कहा कि घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। लाइसेंसी बंदूक की गोली से मृत चरवाहे सनोज यादव के भाई मनोज यादव की तहरीर पर अजय, विजय और गजराज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। बंटायीदार किसान विजय विंद की तहरीर पर पुलिस ने मामले में पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें