हावड़ा-मुंबई मेल के कोच से धुआं उठने से मची अफरा-तफरी

हावड़ा-मुंबई मेल के कोच से धुआं उठने से मची अफरा-तफरी

संक्षेप:

Mirzapur News - चुनार में हावड़ा से मुंबई जा रही ट्रेन 12321 में एक यात्री द्वारा जलती सिगरेट फेंकने से शौचालय के पास कूड़े में आग लग गई। धुआं उठने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गार्ड ने तुरंत ट्रेन रोकी और आग बुझाई। ट्रेन लगभग डेढ़ घंटे की देरी से मिर्जापुर के लिए रवाना हुई।

Dec 10, 2025 12:04 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मिर्जापुर
share

चुनार। हावड़ा से मुंबई जा रही ट्रेन नंबर 12321 अप हावड़ा मुंबई मेल के ब्रेकवान के आगे लगी जनरल बोगी के शौचालय के पास रखे कूड़े में किसी यात्री ने जलता हुआ सिगरेट फेंक दिया जिससे धुआं निकलने लगा। कोच के शौचालय के पास से उठ रहे धुआं को देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कोच में सवार यात्रियों के शोर मचाने पर गार्ड ने तत्काल ट्रेन को रोक कर जलते कूड़े को बुझवाया, तब यह ट्रेन चुनार से आगे रवाना हुई। हावड़ा से मुम्बई जा रही अप 12321 हावड़ा-मुम्बई मेल मंगलवार को सुबह करीब डेढ़ घंटे विलंब से चुनार स्टेशन पर पहुंची।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

चुनार में इस ट्रेन का समय सुबह 11.05 बजे है। यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन पर रुकी और यात्रियों के उतरने व चढ़ने के दो मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। अभी ट्रेन स्टार्ट हो कर कुछ दूर बढ़ी होगी कि गार्ड की बोगी के आगे लगे जनरल कोच से धुआं उठने लगा। कोच से धुंआ निकलने की जानकारी होते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी। यात्री शोर मचाने लगे। तब गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक और कंट्रोल रूम को देने के बाद ट्रेन को रोक लिया। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक मेजर सिन्हा, सी एंड डब्ल्यू के नसीम अहमद, आरपीएफ के एसआई फतेहबहादुर यादव और अन्य विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर बोगी में शौचालय के पास जल रहे कूड़ा को तत्काल बुझा दिए। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरे कोच में बैठा दिए। तब यह ट्रेन करीब 45 मिनट बाद 1.15 बजे मिर्जापुर के लिए रवाना की गई। एनसीआर प्रयागराज के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि छिवकी स्टेशन पर ट्रेन की बोगी की जांच कराई गई। कोई तकनीकी खराबी नहीं मिली। किसी ने कोच में शौचालय के पास जमा कूड़े के ढेर में जलता सिगरेट फेंक दिया होगा। उसी के जलने से धुआं उठा होगा।