संदिग्ध स्थिति में लगी आग से 21 बीघा गेहूं जलकर राख
हलिया के डोहर गांव में शनिवार को संदिग्ध कारणों से गेहूं के बोझ में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने तेजी से फैलकर नौ किसानों की 21 बीघा गेहूं की फसल को जला दिया। फायर बिग्रेड की टीम पहुंचने से पहले ही फसल पूरी तरह से नष्ट हो चुकी थी। किसानों को भोजन और चारे की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

हलिया। क्षेत्र के डोहर गांव में शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में रखे गेहूं के बोझ में लगी आग से नौ किसानों की करीब 21 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसान गेहूं काटकर खेतों में मड़ाई के लिए बोझ रखा था। ग्रामीणों की सूचना पर करीब दो घंटे बाद फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची, तब तक पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी। वहीं, आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं हो पायी है। किसानों के समक्ष भोजन के साथ ही पशुओं के लिए चारा की समस्या खड़ी हो गई। गांव निवासी श्याम सुंदर चौबे के खेत में शनिवार दोपहर में अज्ञात कारणों से आग लग गई।
हवा तेज होने से आग ने तेजी से खेत में मड़ाई के लिए रखे गेहूं के बोझ को चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पास में स्थित छोटे लाल, सुरेश, गिरधारी, लालचंद, कमलाशंकर, कृपाशंकर, भाईलाल और बसंतू समेत अन्य किसानों के खेतों तक आग फैल गई और इन किसानों की फसल भी जलने लगी। आग लगने के कुछ देर बाद ही गांव के लोग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना हलिया थाने पर दी गई, जिसके बाद हलिया थाने से फायर बिग्रेडकर्मियों को दमकल के साथ भेजा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गांव के नौ किसानों की करीब 21 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम खेत में पानी डालकर लौट गई। वहीं, पुलिस और राजस्व टीम ने क्षति का आकलन किया। राजस्व निरीक्षक प्रमोद सिंह ने बताया कि नौ किसानों की 21 बीघा फसल जली है, जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजकर क्षतिपूर्ति दिलाया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


