Mirzapur News: अज्ञात वाहन के धक्के से युवक की मौत, चक्काजाम
Mirzapur News: मिर्जापुर जिले में कछवां थाना क्षेत्र के कटका गोदाम के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय विपत बिंद की मौत हो गई। घटना के बाद गांव वालों ने सड़क जाम कर मुआवजा और चालक की गिरफ्तारी की मांग की। दो घंटे बाद अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।

Mirzapur News: मिर्जापुर, संवाददाता। कछवां थाना क्षेत्र के कटका गोदाम के पास शनिवार की रात अज्ञात वाहन के धक्के से पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र बाल बाल बच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रयागराज वाराणसी मार्ग पर चक्काजाम कर मुआवजा, चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ सदर जटाशंकर मिश्रा के आश्वासन पर लगभग ढ़ाई घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
घटना का विवरण
कछवां के कटका गोदाम निवासी 40 वर्षीय विपत बिंद रात लगभग दस बजे अपने सात वर्षीय पुत्र के साथ शौच के लिए निकले। वह घर के पास ही सड़क पार कर रहे थे। उसी समय वाराणसी से प्रयागराज जा रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने विपत बिंद को टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद पुत्र बाल बाल बच गया।
ग्रामीणों का विरोध
घटना की जानकारी होते ही कुछ दूर घर से परिजन और गांव के लोग जुट गए। ग्रामीणों ने घायल को वाराणसी में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मौत से आक्रोशित काफी संख्या में ग्रामीण वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर कटका गोदाम के पास पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। मृतक के परिजनों को मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
पुलिस कार्रवाई
सूचना पर कछवां के अलावा देहात, चील्ह, पड़री समेत अन्य थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने चक्काजाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वें नहीं मानें। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ सदर ने समझा बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब ग्रामीणों ने लगभग ढ़ाई घंटे बाद जाम हटाया। चक्काजाम से प्रयागराज वाराणसी मार्ग के एक लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग तीन घंटे बाद मार्ग पर आवागमन सुचारु रुप से शुरु हुआ।
पुलिस की प्रतिक्रिया
इस संदर्भ में कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि अज्ञात वाहन के धक्के से एक युवक की मौत हुई है। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।


