रेलवे पुल निर्माण में लगे मजदूर पर गिरा लोहे का प्लेट, दबने से मौत
मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र में ओझला पुल के पास रेलवे पुल निर्माण के दौरान एक मजदूर पर लोहे का प्लेट गिरने से उसकी मौत हो गई। 55 वर्षीय घनश्याम निषाद काम कर रहे थे जब यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।

मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के ओझला पुल के पास रेलवे पुल निर्माण कार्य के दौरान रविवार की शाम लोहे का प्लेट मजदूर पर गिरने से दबकर उसकी मौत हो गई। जेसीबी से प्लेट उठाते समय यह हादसा हुआ। लोहे का प्लेट लगभग एक से डेढ़ कुंतल का था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कटरा कोतवाली क्षेत्र के ओझला पुल निवासी 55 वर्षीय घनश्याम निषाद पुत्र लक्ष्मण निषाद मजदूर थे। वह ओझला पुल के पास रेलवे विभाग के बन रहे पुल के निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे। प्रतिदिन की तरह रविवार की शाम भी कार्य कर रहे थे।
जेसीबी का चालक मशीन से लोहे का प्लेट उठा रहा था। पास में मजदूर घनश्याम भी कार्य कर रहे थे। उसी दौरान अचानक लगभग डेढ़ कुंतल का लोहे का प्लेट घनश्याम पर जा गिरा। वह प्लेट के नीचे दब गया। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। निर्माण कार्य में लगे अन्य मजदूरों और कर्मियों ने किसी तरह प्लेट के नीचे दबे मजदूर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया है। मृतक को दो पुत्री और एक पुत्र हैं। इस संबंध में कटरा कोतवाल बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि ओझला पुल के पास रेलवे पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। जेसीबी का चालक मशीन से लोहे का प्लेट उठा रहा था, तभी अचानक लोहे का प्लेट मजदूर पर जा गिरा, जिससे मजदूर की दबकर मौके पर मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


