नियम विरूद्ध चकबंदी करने का आरोप लगाते हुए कास्तकारों ने किया प्रदर्शन
Mirzapur News - जिगना,मिर्जापुर। नियम विरूद्ध चकबंदी करने का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के बभनी भुजौता
जिगना,मिर्जापुर। नियम विरूद्ध चकबंदी करने का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के बभनी भुजौता गांव के कास्तकारों ने गुरुवार को पंचायत भवन कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि चकबंदी अधिकारियों ने चकबंदी समिति के नियम विरुद्ध भूमिहीनों को सदस्य बनाए जाने तथा चक निर्धारण में मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रहीं हैं। नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने चक निर्धारण में एकपक्षीय कार्यवाई का आरोप लगाया। काश्तकारों ने आपत्तियों का निस्तारण होने तक चकबंदी प्रक्रिया स्थगित रखने की पुरजोर मांग की है। प्रदर्शन के दौरान काश्तकारों का कहना था कि मनमाने तरीके से जमीन की मालियत का निर्धारण किया गया है।
आसपास की जमीन को उड़ान चक में तब्दील कर दिया गया है। यहां तक कि मकानों तक पहुंचने के लिए चक मार्ग का आवंटन नहीं किया गया है। मकानों के बगल दूरस्थ बसे लोगों को चक का आवंटन किया गया है। चकबंदी अधिकारियों पर पूरे गांव में विवाद उत्पन्न करने का आरोप लगाया। कहा कि हालत यह है कि गांव में पट्टीदारों के बीच खूनी संघर्ष की नौबत उत्पन्न हो गई है। आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत में चकबंदी के विधिमान्य प्रावधानों की अनदेखी की जा रही है। इसे लेकर कास्तकारों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने बताया कि कौशल्या देवी जोकि भूमिहीन महिला हैं, उसे भी समिति का सदस्य बनाया गया है। उधर अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डेढ़ दर्जन काश्तकारों ने आपत्तियां दाखिल किया है। गांव में चक्रमण कर काश्तकारों से रायशुमारी किया गया है। आपत्तियों का निस्तारण होने तक चकबंदी प्रक्रिया रोके जाने का निर्देश दिया गया है। वहीं चकबंदी विभाग की लेखपाल रागिनी सिंह व राजस्व निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि ऐसा कोई आदेश नहीं मिला है। भूमि की पैमाइश का कार्य जारी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दिया कि आपत्तियों का निस्तारण किए बगैर चकबंदी प्रक्रिया जारी रही तो जिलाधिकारी कार्यालय पर घेराव- प्रदर्शन किया जाएगा। लालचंद मिश्रा, कमलन,ओमप्रकाश,रमाशंकर पांडेय, लक्ष्मीनारायण, रामकृष्ण यादव, नीरज, दयाशंकर, हरिओम, विनोद,धर्मेन्द्र,हरिश्चन्द्र,इंद्रजीत आदि काश्तकार प्रदर्शन में शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


