जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार की सुबह दो युवकों का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मड़िहान में मिले शव को पुलिस विक्षिप्त बता रही है। वहीं, पड़री के सुंदरतारा तालाब में उतराया युवक का शव मिला है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजगढ़ संवाद अनुसार मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग मड़िहान थाना क्षेत्र के लूसा गांव के समीप एक खाली पड़े मकान में सुबह लगभग ग्यारह बजे 40 वर्षीय युवक का शव मिला। आस-पास के लोगों ने शव पड़ा देख तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची राजगढ़ चौकी पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मड़िहान थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार मृतक मानसिक रुप से विक्षिप्त था। कई दिनों से गांव में घूम रहा था। शव की शिनाख्त कराई जा रही है। मृतक नीले रंग का पैंट पहने हुए था। पड़री संवाद अनुसार सुबह लगभग दस बजे बरजी मुकुन्दपुर गांव स्थित पहाड़ी पर सुन्दरतारा तालाब में एक 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव उतराया मिला। सूचना पर थाना प्रभारी पड़री वेंकटेश तिवारी ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। ग्रामीणों से शव की शिनाख्त करायी। लेकिन देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव कई दिन पुराना लग रहा है। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कराया जा रहा है।
अगली स्टोरी