Mirzapur News: ट्रक चालकों से वसूली करने वाला होमगार्ड निलंबित
Mirzapur News: मिर्जापुर में एक होमगार्ड, राजेंद्र मौर्या, का वायरल वीडियो सामने आया है जिसमें वह ट्रक चालकों से नो एंट्री के नाम पर पैसे वसूलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है।

Mirzapur News: मिर्जापुर। सड़क किनारे बाइक खड़ी कर ट्रक चालकों से नो एंट्री के नाम पर वसूली करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद होमगार्ड विभाग ने कार्रवाई की है। वीडियो में वसूली करते दिख रहे होमगार्ड राजेंद्र मौर्या को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है। सोशल मीडिया पर रविवार शाम वायरल हुए वीडियो में एक व्यक्ति होमगार्ड की वर्दी पहने सड़क किनारे बाइक खड़ी किए नजर आ रहा है। वह ट्रकों को रोककर चालकों से नो एंट्री के नाम पर रुपये लेते दिखाई दे रहा है। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।वीडियो
सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू की। जांच में वसूली करने वाला व्यक्ति चील्ह थाने में तैनात होमगार्ड निकला। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने होमगार्ड कमांडेंट को सूचना दी। होमगार्ड कमांडेंट विंध्याचल पाठक ने बताया कि वीडियो में वसूली करते दिखाई दे रहे होमगार्ड राजेंद्र मौर्या को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ जांच भी बैठाई गई है।


