बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए
Mirzapur News - मिर्जापुर, संवाददाता पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवरी में शुक्रवार को वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार

मिर्जापुर, संवाददाता पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवरी में शुक्रवार को वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता एवं नामित अध्यक्ष विद्यालय प्रबंध समिति विजेयता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। वार्षिक उत्सव का आयोजन “इंद्रधनुष” थीम पर किया गया था। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। नृत्य, संगीत, नाटक एवं समूहगान ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास की सभी ने सराहना की। समारोह के अंत में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय सिंह ने सत्र- 2025-26 की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उन्होंने शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा विभिन्न राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सफलताओं का विवरण दिया। मुख्य अतिथि ने सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया। मुख्य अतिथि एडीएम नमामि गंगे विजेयता ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन विद्यालय परिवार के सहयोग से हुआ। समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। वार्षिकोत्सव का संचालन कक्षा ग्यारहवीं की छात्राएं वसुधा, संस्कृति तथा छात्र ध्रुव और उत्कर्ष ने प्रभावशाली ढंग से किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


