अमृत भारत के इंजन से निकला धुआं

Apr 06, 2026 12:15 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मिर्जापुर
share

Mirzapur News - चुनार में अमृत भारत एक्सप्रेस के इंजन के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं निकला। चालक ने ट्रेन को चुनार रेलवे स्टेशन पर रोका। तकनीकी टीम ने समस्या को ठीक किया और ट्रेन 50 मिनट बाद रवाना हुई।

अमृत भारत के इंजन से निकला धुआं

चुनार (मिर्जापुर)। सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनल जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस के इंजन के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं निकलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह घटना चुनार कोतवाली क्षेत्र के पिरल्लीपुर गांव के पास हुई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को चुनार रेलवे स्टेशन पर रोक दिया। सूचना पर पहुंची तकनीकी टीम ने खराबी को दूर किया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। बताया जाता है कि अमृत भारत एक्सप्रेस का चुनार स्टेशन पर निर्धारित ठहराव नहीं है। रविवार शाम जब ट्रेन पिरल्लीपुर गांव के पास पहुंची, तभी इंजन के पिछले पहिए में ब्रेक बाइंडिंग हो गई, जिससे धुआं निकलने लगा।

धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और इंजन से सटे डिब्बों के यात्री शोर मचाने लगे। चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ट्रेन को कुछ ही दूरी पर चुनार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर शाम 4:04 बजे रोक दिया और रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने इंजन की जांच कर ब्रेक बाइंडिंग की समस्या को ठीक किया। इस दौरान ट्रेन लगभग 50 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन को शाम 4:53 बजे आगे के लिए रवाना कर दिया गया। प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन करीब 50 मिनट विलंबित हुई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।