
ढाई वर्षीय मासूम का मुंह टेढ़ा, हाथ-पैर हुआ सुन्न
Mirzapur News - अमोई 84 गांव में ढाई वर्षीय बच्ची का अचानक मुंह टेढ़ा और हाथ-पैर सुन्न हो गया। मां ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि कमजोरी के कारण यह समस्या आई है। बच्ची को झोलाछाप डॉक्टर द्वारा गलत इलाज के चलते परेशानी हुई। आगे की जांच के बाद उपचार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पटेहरा। विकास खंड के अमोई 84 गांव में एक ढाई वर्षीय बच्ची का अचानक मुंह टेढ़ा और हाथ-पैर सुन्न हो गया। बच्ची की हालत बिगड़ती देख मां अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची के स्टूल जांच के लिए भेज दिया है। डॉक्टरों ने बताया कि कमजोरी के चलते ऐसी समस्या आ जाती है। फिलहाल जांच के बाद ही कारण स्पष्ट होगा। मामला छह जनवरी का है। बच्ची की मां ने बताया कि छह जनवरी को अचानक बच्ची का मुंह टेढ़ा और हाथ पैर सुन्न हो गया। यह देख घरवाले परेशान हो गए। आनन-फानन में बच्ची को लेकर लालगंज अस्पताल पहुंचे।
यहां उपचार के बाद भी आराम नहीं मिला। उसके बाद प्रयागराज के कोरांव अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर के इलाज से बच्ची को आंशिक रूप से आराम हुआ। बच्ची रो रही है तो उसके मुंह से लार टपक रहा है। सहारा लेकर खड़ी हो रही है। मंगलवार को मां बच्ची को लेकर पटेहरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। यहां डॉ. राजकुमार ने बच्ची के स्वास्थ्य की जांच की। सैंपल जांच के लिए भेज दिया है। डॉ. राजकुमार ने बताया कि बच्ची को उल्टी, बुखार के इलाज के दौरान झोलाछाप डॉक्टर ने कमर में इंजेक्शन लगा दिया था, जिससे यह समस्या हुई है। बच्ची के मल की जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। आखिरकार बच्ची को ऐसी समस्या क्यों हुई है? इस संबंध में एसीएमओ डॉ. मुकेश ने बताया कि केस इनवेस्टीगेशन फॉर्म के तहत इन बच्चों की जांच कराई जाती है। सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच के बाद ही आगे की उपचार की प्रक्रिया शुरु की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




