जीजा के घर खिचड़ी पहुंचाने आई नाबालिग साली लापता, CCTV खंगाल रही पुलिस
खिचड़ी देने के बाद वह किशोरी गोरखपुर के पीपीगंज चौराहे पहुंची, जहां से उसने परसौना टोला मछली गांव स्थित अपने घर जाने के लिए एक ऑटो पकड़ा। राजेश के अनुसार, ऑटो में सवार होने के बाद किशोरी न तो अपने घर पहुंची और न ही उसका कोई पता चल सका। काफी देर इंतजार के बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो तलाश शुरू की गई।

यूपी के गोरखपुर के पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह, अब्दुल कलाम नगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 16 वर्षीय साली 13 जनवरी को खिचड़ी लेकर उसके घर आई थी।
खिचड़ी देने के बाद वह किशोरी पीपीगंज चौराहे पहुंची, जहां से उसने परसौना टोला मछली गांव स्थित अपने घर जाने के लिए एक ऑटो पकड़ा। राजेश के अनुसार, ऑटो में सवार होने के बाद किशोरी न तो अपने घर पहुंची और न ही उसका कोई पता चल सका। काफी देर तक इंतजार के बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद परिवारीजनों ने पीपीगंज थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीपीगंज पुलिस ने लड़की के जीजा राजेश की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस किशोरी की बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, किशोरी की तलाश के लिए पीपीगंज चौराहे और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही उस समय मार्ग पर चल रहे ऑटो चालकों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। यदि इसके पीछे किसी की भूमिका हुई तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

